बंगाल चुनाव में सबने छोड़ा कांग्रेस का साथ! हेमंत सोरेन और तेजस्वी यादव के बाद आज अरविंद केजरीवाल करेंगे ममता बनर्जी के लिए प्रचार

पश्चिम बंगाल में चुनाव को लेकर राजनीति चरम पर है. इस बार कांग्रेस को कोई बड़ा साथ नहीं मिला है. हेमंत सोरेन से लेकर तेजस्वी यादव तक टीएमसी की मदद कर रही है.

Sonee Srivastav

कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस काफी अकेली पड़ती नजर आ रही है. जो दल कभी आईएनडीआईए ब्लॉक में उसके साथ थे, वे अब तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की मदद कर रहे हैं. कांग्रेस को इस बार कोई बड़ा साथ नहीं मिल रहा है. 2021 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत पाई थी. 2024 के लोकसभा चुनाव में भी राज्य में उसका प्रदर्शन कमजोर रहा. अब यह चुनाव कांग्रेस के लिए अपनी ताकत दिखाने की परीक्षा बन गया है.

वामपंथियों से भी किनारा

इस बार कांग्रेस ने वामपंथी दलों का सहारा नहीं लिया. वह अपने दम पर चुनाव लड़ रही है. सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस से मुकाबला तो स्वाभाविक है, लेकिन पुराने सहयोगी दलों का रवैया कांग्रेस के लिए निराशाजनक है.

सोरेन और तेजस्वी ने किया ममता का प्रचार

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन ने बंगाल के आदिवासी इलाकों में पहुंचकर तृणमूल कांग्रेस के पक्ष में प्रचार किया. उन्होंने कांग्रेस की कोई मदद नहीं की, जबकि कांग्रेस झारखंड में हेमंत सोरेन की सरकार का हिस्सा है.

बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव भी ममता बनर्जी की पार्टी के लिए प्रचार कर चुके हैं. गत बिहार विधानसभा चुनाव में राजद और कांग्रेस ने साथ लड़ा था, लेकिन इस बार बंगाल में तेजस्वी ममता के साथ खड़े हैं. 

आज कोलकाता पहुंचेंगे केजरीवाल

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल रविवार को कोलकाता पहुंचकर ममता बनर्जी के लिए प्रचार करेंगे. वे बंगाल के लोगों से टीएमसी को वोट देने की अपील करेंगे.

अखिलेश का रुख अलग

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव अभी तक बंगाल नहीं आए हैं. वे न तो तृणमूल और न ही कांग्रेस के प्रचार में शामिल हुए. हालांकि राहुल गांधी से उनके अच्छे संबंध बताए जाते हैं. 

कांग्रेस नेतृत्व का कम जोर

कांग्रेस के केंद्रीय नेता भी बंगाल चुनाव में ज्यादा सक्रिय नहीं दिख रहे. भाजपा की तरफ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और कई मुख्यमंत्री लगातार प्रचार कर रहे हैं. कांग्रेस की ओर से सिर्फ अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी ने कुछ सभाएं की. वहीं प्रियंका गांधी भी अभी तक बंगाल प्रचार में नहीं दिखी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag