यौन शक्ति बढ़ाने की दवा ने ली जान? गुरुग्राम में 29 साल के युवक की संदिग्ध तरीके से मौत
गुरुग्राम में एक युवक की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. कमरे से बरामद दवाओं और शुरुआती जांच के बाद मामला और पेचीदा हो गया है, जिसकी सच्चाई रिपोर्ट आने के बाद सामने आएगी.

गुरुग्राम के सेक्टर 53 इलाके में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 29 वर्षीय युवक अपने किराए के पीजी फ्लैट में मृत पाया गया. शुरुआती जांच में पुलिस को शक है कि यह मौत यौन क्षमता बढ़ाने वाली दवा के अधिक सेवन के कारण हो सकती है. घटना ने आसपास के लोगों और युवक के परिचितों को हैरान कर दिया है.
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान रोहित लाल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नागपुर का रहने वाला था. वह नई दिल्ली में स्थित क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया के कार्यालय में काम करता था और गुरुग्राम में किराए के फ्लैट में रहता था.घटना का पता गुरुवार सुबह उस समय चला, जब उसके एक सहकर्मी ने पुलिस को सूचना दी. सहकर्मी ने बताया कि दोनों रोजाना साथ में ऑफिस जाते थे, लेकिन उस दिन रोहित न तो फोन उठा रहा था और न ही दरवाजा खोल रहा था.
दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची पुलिस
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. जब काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिला, तो दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया. कमरे के अंदर रोहित लाल बिस्तर पर मृत अवस्था में मिला. पुलिस ने मौके से कुछ दवाओं और हेल्थ सप्लीमेंट्स के खाली रैपर भी बरामद किए हैं, जिससे यह मामला और भी संदिग्ध हो गया है.
ओवरडोज से हार्ट अटैक की आशंका
जांच कर रहे एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि युवक ने अपनी मंगेतर को मिलने के लिए बुलाया था. इससे पहले ही उसकी मौत हो गई. पुलिस को शक है कि उसने यौन शक्ति बढ़ाने वाली दवा का सेवन किया था और संभव है कि इसकी अधिक मात्रा लेने से उसे दिल का दौरा पड़ा हो. हालांकि, अभी तक यह केवल आशंका है और इसकी पुष्टि जांच रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी.
एफएसएल जांच से खुलेगा राज
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिवार को सौंप दिया है. साथ ही, शव के आंतरिक अंगों और मौके से बरामद दवाओं को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है. सेक्टर 53 के एसएचओ सतेंद्र रावल ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारण का खुलासा हो पाएगा.


