आगरा के नामी स्कूल में छात्र पर बर्बर हमला: 4 दांत टूटे, जबड़ा घायल, खून से लथपथ हालत में अस्पताल में भर्ती
आगरा के एक नामी स्कूल में दो छात्रों के बीच हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. बेरहमी से की गई पिटाई में एक छात्र के 4 दांत टूट गए और उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा.

आगरा: आगरा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने प्रतिष्ठित स्कूलों में छात्रों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. एक वायरल वीडियो में दिख रहा है कि स्कूल परिसर के अंदर ही एक छात्र को दूसरे छात्र ने बेरहमी से पीट दिया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया.
इस हमले में छात्र के चार दांत टूट गए और उसका जबड़ा भी गंभीर रूप से चोटिल हो गया. घायल छात्र खून से लथपथ हालत में जमीन पर बैठा नजर आया, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा.
अस्पताल में भर्ती, ऑपरेशन के बाद जारी इलाज
वायरल वीडियो में घायल छात्र दर्द से कराहता दिखाई दे रहा है और उसके मुंह से लगातार खून बह रहा है. हालत गंभीर होने के कारण उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका ऑपरेशन किया गया. फिलहाल उसका इलाज जारी है.
यह घटना आगरा के शास्त्रीपुरम स्थित एक प्रसिद्ध स्कूल की बताई जा रही है, जहां 10वीं कक्षा के दो छात्रों के बीच विवाद हुआ था.
स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप
घायल छात्र के पिता, जो एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हैं, ने स्कूल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि स्कूल ने इस घटना को “हल्की चोट” बताकर नजरअंदाज करने की कोशिश की.
उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल ने बच्चे को तुरंत चिकित्सा सुविधा देने के बजाय उन्हें फोन कर स्कूल बुलाया. पीड़ित पिता के अनुसार, जब वह मौके पर पहुंचे तो उनका बेटा खून से लथपथ था और मुंह में सिर्फ रूई डाली गई थी, जबकि कोई प्राथमिक उपचार नहीं दिया गया था. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या लाखों रुपये की फीस इसी लापरवाही के लिए दी जाती है.
आगरा के शास्त्रीपूरम DPS स्कूल से ये खबर सभी पैरंट्स को हिला देगी।
— Pradeep Maikhuri (@PradeepMaikhur3) April 26, 2026
आखिर बच्चों में इस तरह हिंसा की प्रवृत्ति आ क्यों रही है?
किसी के पास है इसका जवाब? pic.twitter.com/QBT7YqTDx2
मजाक से शुरू हुआ विवाद, हिंसा में बदला
जानकारी के मुताबिक, दोनों छात्रों के बीच झगड़ा आपसी मजाक से शुरू हुआ था, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठा. आरोप है कि एक छात्र ने दूसरे के चेहरे पर लगातार कई मुक्के मारे, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई.
पुलिस जांच में जुटी, मामला दर्ज
घटना के बाद घायल छात्र का इलाज जारी है, वहीं आरोपी छात्र के खिलाफ सिकंदरा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई जारी है.
क्या बोली पुलिस
ACP अमीषा कुमारी ने बताया, "एक छात्र की स्कूल में दूसरे छात्र द्वारा पिटाई का मामला सामने आया है. पिटाई से घायल हुए छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया या है. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है."


