केमिकल के बिना घर से कीड़े-मकोड़े भगाने के ये असरदार घरेलू नुस्खे, बिना खर्च के

साफ-सुथरा घर खूबसूरत दिखने के साथ सेहत भी बचाता है. गंदगी से किचन में कीड़े-मकोड़े पनपते हैं जो बीमारियां फैला सकते हैं. तो चलिए जानते हैं कीड़ों को बिना केमिकल के भगाने के आसान और असरदार घरेलू उपाय.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

किचन घर का वो दिल होता है जहां स्वादिष्ट भोजन पकता है और परिवार की सेहत का आधार तैयार होता है. जितना साफ-सुथरा किचन होगा, उतना ही आकर्षक और सुरक्षित लगेगा. लेकिन अगर किचन में कीड़े-मकोड़े और कॉकरोच अपना बसेरा बना लें तो ये सेहत के लिए बड़ा खतरा बन जाते हैं. बाजार के महंगे केमिकल स्प्रे कीड़ों को तो मार देते हैं, मगर उनके जहरीले तत्व खाने और बर्तनों के जरिए हमारे शरीर में घुस जाते हैं. अगर आप भी अपने किचन को पूरी तरह केमिकल-फ्री रखना चाहते हैं तो ये आसान देसी नुस्खे आजमा सकते हैं.

किचन से कीड़ों की छुट्टी कर देगा ये देसी तरीका

प्याज की तेज और तीखी गंध कीड़े-मकोड़ों को बिल्कुल पसंद नहीं होती. प्याज में प्राकृतिक रूप से सल्फर होता है, जिसकी स्मेल कॉकरोच, चींटियों और छोटे उड़ने वाले कीड़ों के लिए बर्दाश्त से बाहर होती है. यह एक नैचुरल रिपेलेंट की तरह काम करता है.

प्याज से बनाएं नैचुरल स्प्रे

इसे बनाना बेहद आसान है. एक बड़ा प्याज लें, उसे कद्दूकस करके रस निकाल लें. इस रस में एक चम्मच बेकिंग सोडा मिलाएं. बेकिंग सोडा कीड़ों के पेट के लिए जहर जैसा काम करता है. अब इस मिश्रण में थोड़ा पानी डालकर स्प्रे बोतल में भर लें. रात को सोने से पहले किचन के कोनों, सिंक के नीचे, गैस चूल्हे के पीछे और दरारों में अच्छे से छिड़काव करें.

लहसुन का इस्तेमाल करें तेज असर के लिए

अगर कीड़े बहुत ज्यादा बढ़ गए हैं तो प्याज के साथ लहसुन का भी इस्तेमाल करें. एक प्याज और 4-5 लहसुन की कलियों को पीसकर पेस्ट बना लें. इसमें एक लीटर पानी मिलाएं और एक चम्मच काली मिर्च का पाउडर डाल दें. इस घोल को छानकर स्प्रे बोतल में भर लें. इसकी गंध इतनी तेज होती है कि कॉकरोच और छिपकलियां देखते ही भाग खड़ी होती हैं.

किचन की सफाई पर रखें खास ख्याल

सिर्फ नुस्खे अपनाने से काम नहीं चलेगा, किचन की साफ-सफाई पर भी पूरा ध्यान देना होगा. रात के समय सिंक में जूठे बर्तन बिल्कुल न छोड़ें क्योंकि खाने की गंध ही कीड़ों को दावत देती है. कीड़ों को नमी बहुत पसंद होती है इसलिए काम खत्म होने के बाद सिंक और स्लैब को सूखे कपड़े से पोंछ दें.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag