कोमा में पहुंचे ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज खिलाड़ी डेमियन मार्टिन, अपने करियर में जड़े थे 54 शतक

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व स्टार क्रिकेटर डैमियन मार्टिन 'मेनिनजाइटिस' नाम की गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं. उन्हें इंड्यूस्ड कोमा में रखा गया है. इस बात की जानकारी एडम गिलक्रिस्ट ने दी है.

Sonee Srivastav

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व स्टार क्रिकेटर डैमियन मार्टिन की सेहत को लेकर चिंताजनक खबर आई है. 54 साल के मार्टिन मेनिनजाइटिस नाम की गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं और उन्हें इंड्यूस्ड कोमा में रखा गया है. यह खबर आज 30 दिसंबर 2025 को सामने आई, जब वे बॉक्सिंग डे पर बीमार पड़ गए थे. डॉक्टर उनकी हालत पर नजर रखे हुए हैं और उम्मीद है कि जल्द ही वे कोमा से बाहर आ सकते हैं.

क्या है मेनिनजाइटिस बीमारी?

मार्टिन क्वींसलैंड में रहते हैं. बॉक्सिंग डे (26 दिसंबर) को घर पर आराम करने गए थे, तभी उनकी तबीयत बिगड़ गई. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच में मेनिनजाइटिस का पता चला. यह बीमारी दिमाग और रीढ़ की हड्डी के आसपास की झिल्लियों में सूजन पैदा करती है, जो जानलेवा हो सकती है.

दिमाग में सूजन रोकने के लिए डॉक्टरों ने उन्हें इंड्यूस्ड कोमा में डाल दिया. गोल्ड कोस्ट यूनिवर्सिटी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है. पूर्व साथी एडम गिलक्रिस्ट ने परिवार की ओर से बयान दिया कि मार्टिन को बेहतरीन इलाज मिल रहा है और परिवार को लोगों की दुआओं की सख्त जरूरत है.

क्रिकेट जगत से मिल रही दुआएं

मार्टिन की इस हालत पर क्रिकेट दुनिया सदमे में है. उनके पुराने साथी डैरेन लेहमन ने सोशल मीडिया पर लिखा, "डैमियन को ढेर सारी दुआएं और प्यार. मजबूत रहो लीजेंड" रेयान कैंपबेल और अन्य खिलाड़ियों ने भी जल्द ठीक होने की कामना की. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सीईओ टॉड ग्रीनबर्ग ने कहा कि वे दुखी हैं और पूरी क्रिकेट कम्युनिटी मार्टिन के साथ है. फैंस भी सोशल मीडिया पर उनके लिए प्रार्थना कर रहे हैं. 

मार्टिन का शानदार क्रिकेट करियर

दाएं हाथ के बल्लेबाज डैमियन मार्टिन ने 1992 से 2006 तक ऑस्ट्रेलिया के लिए खेला. उन्होंने 67 टेस्ट मैचों में 13 शतक लगाए और 4406 रन बनाए. वनडे में 208 मैच खेले, 5 शतक ठोके और 5346 रन जोड़े. कुल इंटरनेशनल करियर में 18 शतक और लगभग 10 हजार रन उनके नाम है.

अगर घरेलू क्रिकेट जोड़ें तो उन्होंने 509 मैचों में 23 हजार से ज्यादा रन बनाए, जिसमें कुल 54 शतक शामिल है. वे 1999 और 2003 वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम के सदस्य थे. 2003 फाइनल में भारत के खिलाफ नाबाद 88 रन की पारी यादगार है, जिसमें टूटी उंगली के बावजूद भी वे खेले थे. 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag