19 साल की बेटी ने की मां की बेरहमी से हत्या... काटा सिर, फिर कटी गर्दन के साथ बिताई रात

असम में एक युवती ने अपनी ही मां की बेरहमी से हत्या कर दी और पूरी रात कटे हुए सिर के साथ छिपी रही. पुलिस को शक है कि यह मामला अंधविश्वास या किसी तांत्रिक क्रिया से जुड़ा हो सकता है.

Shraddha Mishra

असम से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. एक बेटी द्वारा अपनी ही मां की बेरहमी से हत्या करने का मामला न सिर्फ चौंकाने वाला है, बल्कि इसकी भयावहता सुनकर लोगों के रोंगटे खड़े हो रहे हैं. इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. आरोपी की पहचान पूजा मलंग के रूप में हुई है, जिसने अपनी 42 वर्षीय मां अनुमाई मलंग की गला काटकर जान ले ली.

मामला असम के पश्चिमी कार्बी आंगलोंग जिले के डेरामुख लालुंग गांव का है, जहां 19 साल की एक युवती ने अपनी मां की हत्या कर दी. जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार रात करीब 10 बजे की है. पूजा ने अपने घर के अंदर ही इस वारदात को अंजाम दिया. जब उसके पिता प्रेमेंद्र मलंग और बहन ने उसे रोकने की कोशिश की, तो उसने उन पर भी हमला कर दिया. इस हमले में पिता और बहन दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.

पूरी रात सिर के साथ रही छिपी

इस मामले को और भी डरावना बना देने वाली बात यह है कि आरोपी वारदात के बाद अपनी मां का कटा हुआ सिर लेकर घर से बाहर निकल गई. पुलिस के मुताबिक, वह पूरी रात कहीं छिपी रही और उसके पास अपनी मां का सिर भी था. गुरुवार सुबह तक उसका कोई पता नहीं चल पाया था, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था.

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने आखिरकार आरोपी युवती को पकड़ लिया और हिरासत में ले लिया. पुलिस ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं, लेकिन अभी जांच जारी है और हर पहलू को ध्यान में रखा जा रहा है.

अंधविश्वास का एंगल जांच में

घटनास्थल की तलाशी के दौरान पुलिस को कुछ संदिग्ध सामान भी मिला है. इनमें एक हंसिया, कैंची और पूजा-पाठ में इस्तेमाल होने वाली चीजें जैसे सिंदूर, तेल और मिट्टी का घड़ा शामिल हैं. इन चीजों के मिलने के बाद पुलिस को शक है कि यह मामला अंधविश्वास या किसी तांत्रिक क्रिया से जुड़ा हो सकता है. हालांकि, अभी तक इस बारे में कोई ठोस निष्कर्ष नहीं निकाला गया है.

पुलिस की जांच जारी

बैथालांगसो पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच तेज कर दी है. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर इस घटना के पीछे असली कारण क्या था. परिवार के बारे में जानकारी जुटाने पर फिलहाल किसी तरह के घरेलू विवाद की बात सामने नहीं आई है. ऐसे में पुलिस अब इस दिशा में भी जांच कर रही है कि कहीं युवती मानसिक रूप से अस्थिर तो नहीं थी या फिर किसी के बहकावे में आकर उसने यह खौफनाक कदम उठाया.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag