उदयपुर केस: जिस कंपनी के सीईओ पर गैंगरेप का आरोप, उसकी वेबसाइट में महिला-अनुकूलता को 4.7 रेटिंग

उदयपुर में एक निजी आईटी कंपनी की महिला मैनेजर के साथ सामूहिक बलात्कार का मामला सामने आया है. पुलिस ने मामले की जांच करते हुए कंपनी के CEO, महिला कार्यकारी और उनके पति को गिरफ्तार कर लिया है.

Shraddha Mishra

उदयपुर: राजस्थान के उदयपुर में एक निजी आईटी कंपनी की महिला मैनेजर ने अपनी कंपनी के CEO जीतेश सिसोदिया, कार्यकारी प्रमुख शिल्पा सिरोही और उनके पति गौरव पर चलती कार में सामूहिक बलात्कार का आरोप लगाया है. हालांकि हैरान करने वाली बात ये है कि गैंगरेप के आरोपी CEO जीतेश सिसोदिया की कंपनी जीकेएम आईटी प्राइवेट लिमिटेड ने महिला-मित्रता मानकों पर खुद को 5 में से 4.7 अंक दिए हैं.

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, पीड़िता 20 दिसंबर को रात करीब 9 बजे एक निजी होटल में आयोजित पार्टी में पहुंची थी. पार्टी रात 1:30 बजे तक चली. जब सभी मेहमान जाने लगे, तो वह वहीं रुक गई. पीड़िता ने आरोप लगाया कि कंपनी के सीईओ, एक महिला कार्यकारी और उसके पति ने उसे घर छोड़ने का प्रस्ताव दिया.

निजी अंगों पर चोट के निशान

जानकारी के अनुसार, महिला कार्यकारी ने पीड़िता को अपनी कार में बिठाया. कार में पहले से ही उसका पति और कंपनी का CEO मौजूद थे. रास्ते में आरोपियों ने एक दुकान से धूम्रपान सामग्री खरीदकर पीड़िता को दी. पीड़िता का दावा है कि उसे पीने के बाद वह बेहोश हो गई.

पीड़िता ने बताया कि जब उसे आंशिक रूप से होश आया, तो CEO उसके साथ छेड़छाड़ कर रहा था. इसके बाद तीनों आरोपियों ने कथित तौर पर मिलकर उसका यौन उत्पीड़न किया. घटना के बाद महिला को सुबह करीब 5 बजे घर छोड़ दिया गया. जब उसने पूरी तरह से होश में आकर देखा, तो उसकी बाली, मोजे और अंतर्वस्त्र गायब थे और उसके निजी अंगों पर चोट के निशान थे.

पीड़िता ने दर्ज कराई शिकायत

अगले दिन पीड़िता ने सुबह पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों- कंपनी के CEO जयेश, महिला कार्यकारी शिल्पा और उनके पति गौरव को गिरफ्तार कर लिया. उदयपुर के पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने बताया कि महिला की मेडिकल जांच में चोट के निशान पाए गए हैं, जो प्रारंभिक तौर पर सामूहिक बलात्कार के सबूत बताते हैं. 

उन्होंने आगे बताया कि पुलिस कार में लगे डैशकैम की ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग की जांच कर रही है, जिसमें कथित घटना के दौरान आवाजें रिकॉर्ड हुई हैं. पुलिस ने बताया कि आरोपी अदालत में पेश किए जा चुके हैं और मामले की कानूनी प्रक्रिया जारी है. घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है और पीड़िता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी कदम उठाए जा रहे हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag