राजकीय सम्मान के साथ होगा आशा भोसले का अंतिम संस्कार, अंतिम दर्शन के लिए 4 घंटे तय

प्रसिद्ध गायिका आशा भोसले का 92 वर्ष की उम्र में मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हो गया, जिससे देशभर में शोक की लहर है. उनका अंतिम संस्कार मुंबई के शिवाजी पार्क श्मशान भूमि में राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

भारतीय संगीत जगत के लिए रविवार का दिन बेहद दुखद रहा, जब देश की सुप्रसिद्ध गायिका आशा भोसले का मुंबई में निधन हो गया. वे 92 वर्ष की थीं और पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थीं. शनिवार को उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. डॉक्टरों की लगातार कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका. बताया जा रहा है कि उम्र संबंधी समस्याओं के कारण उनके शरीर के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था.

आनंद भोसले ने क्या कहा? 

उनके बेटे आनंद भोसले ने अस्पताल के बाहर मीडिया से बातचीत करते हुए इस दुखद खबर की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि उनकी मां अब इस दुनिया में नहीं रहीं और परिवार गहरे शोक में है. साथ ही उन्होंने अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार से जुड़े कार्यक्रमों की जानकारी भी साझा की. आनंद के अनुसार, सोमवार 13 अप्रैल को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक मुंबई के लोअर परेल स्थित उनके निवास ‘कासा ग्रैंड’ में लोग आशा भोसले के अंतिम दर्शन कर सकेंगे.

अंतिम संस्कार उसी दिन शाम 4 बजे शिवाजी पार्क श्मशान भूमि में किया जाएगा. उनके निधन से न केवल फिल्म और संगीत जगत, बल्कि पूरे देश में शोक की लहर है. आशा भोसले महान गायिका लता मंगेशकर की छोटी बहन थीं, जिनका निधन 6 फरवरी 2022 को हुआ था. दोनों बहनों ने दशकों तक भारतीय संगीत को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया.

राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार 

इस बीच, महाराष्ट्र सरकार ने उनके योगदान को देखते हुए अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ करने का निर्णय लिया है. भाजपा नेता आशीष शेलार ने परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और बताया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से चर्चा की गई है. सरकार का मानना है कि आशा भोसले का संगीत और उनकी विरासत अमूल्य है, जिसे हमेशा याद रखा जाएगा.

आशीष शेलार ने कहा कि आशा ताई का निधन एक युग के अंत जैसा है. उन्होंने अपने जीवन में कई कठिनाइयों का सामना किया, लेकिन अपनी मधुर आवाज से लोगों के दिलों में खुशी और सुकून भरती रहीं. उनका संगीत सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए एक अनमोल धरोहर है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag