शपथ लेते ही सम्राट चौधरी का बड़ा ऐलान! बिहार में अब सिर्फ मोदी-नीतीश मॉडल चलेगा

बिहार के मुख्यमंत्री पद का शपथ ग्रहण करते हुए सम्राट चौधरी ने एक वादा किया है. उन्होंने साफ कहा कि राज्य में विकास का रास्ता वही रहेगा जो पहले था. सीएम बनने के बाद यह उनका पहला बयान है.

Sonee Srivastav

पटना: बिहार को नया मुख्यमंत्री मिल गया है. सम्राट चौधरी ने आज बुधवार 15 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. शपथ ग्रहण के तुरंत बाद स्पष्ट संदेश दिया कि राज्य में विकास का रास्ता वही रहेगा जो पहले था. 

शपथ के बाद पहला बयान

शपथ लेने के बाद सम्राट चौधरी ने अधिकारियों की बैठक ली. बैठक में उन्होंने कहा, “निश्चिंत रहिए, बिहार में नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार का मॉडल ही चलेगा.” उन्होंने जोर देकर कहा कि बिहार की तरक्की के लिए आज से ही काम शुरू हो जाएगा. 

सम्राट चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री पद संभालते ही वे बिहार के विकास पर पूरा ध्यान देंगे. उनका साफ संदेश था कि पुरानी नीतियों और विकास के मॉडल में कोई बदलाव नहीं होगा.

सीएम पद के साथ-साथ मंत्री पद की शपथ 

सम्राट चौधरी तारापुर से भाजपा के विधायक हैं. वे नीतीश कुमार की पिछली सरकार में डिप्टी सीएम रह चुके हैं. आज उनके साथ जद(यू) के वरिष्ठ नेता विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली. यह पहला मौका है जब भाजपा का कोई नेता बिहार का मुख्यमंत्री बना है. 

मंगलवार को भाजपा ने सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुना था. शपथ ग्रहण समारोह लोक भवन में हुआ, जहां राज्यपाल ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई.

नीतीश कुमार ने दी बधाई

पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सम्राट चौधरी को बधाई दी. उन्होंने लिखा, “आपके नेतृत्व में बिहार और तेजी से विकसित होगा और देश के सबसे आगे बढ़े राज्यों में शामिल होगा।” नीतीश कुमार ने हाल ही में मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था.

सम्राट चौधरी ने विकास पर दिया जोर

सम्राट चौधरी ने अधिकारियों से कहा कि बिहार को और मजबूत बनाने के लिए सभी विभाग तुरंत काम में जुट जाएं. उन्होंने मोदी जी के राष्ट्रीय विकास मॉडल और नीतीश कुमार के राज्य स्तर के सुधारों को मिलाकर आगे बढ़ाने का संकेत दिया. 

नई सरकार के गठन के साथ बिहार में राजनीतिक बदलाव हुआ है, लेकिन विकास की दिशा में निरंतरता बनी रहेगी. सम्राट चौधरी का पहला बयान विकास कार्यों को तेज करने और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag