सम्राट चौधरी बने बिहार के नए मुख्यमंत्री
बिहार में बड़ा सत्ता परिवर्तन हुआ है, जहां सम्राट चौधरी ने नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली है.
पटना: बिहार में करीब दो दशक बाद बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिला है. सम्राट चौधरी ने बुधवार को राज्य के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली. राज्यपाल ने लोकभवन में उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. उनके साथ जदयू कोटे से विजय चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव ने भी मंत्री पद की शपथ ली, जबकि जल्द ही मंत्रिमंडल विस्तार की संभावना जताई जा रही है.
शपथ ग्रहण समारोह में कई दिग्गज नेताओं की मौजूदगी रही. नीतीश कुमार, जेपी नड्डा, गिरिराज सिंह और शिवराज सिंह चौहान जैसे नेता शामिल हुए. वहीं, आरजेडी नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और राजनीतिक रूप से अहम बना दिया.
सम्राट चौधरी का जन्म 16 नवंबर 1968 को मुंगेर में हुआ था. राजनीतिक परिवार से आने वाले सम्राट ने 1990 के दशक में राजनीति में कदम रखा और 1999 में राबड़ी देवी सरकार में मंत्री बने. विभिन्न दलों में सक्रिय रहने के बाद भाजपा में शामिल होकर उन्होंने अपनी मजबूत पहचान बनाई.


