विंड एनर्जी में विश्व की चौथी सबसे बड़ी शक्ति बना भारत, मन की बात में बोले पीएम मोदी

मन की बात के 133 वें एपिसोड में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत अब विंड एनर्जी में तेजी से आगे बढ़ रहा है. आज हम दुनिया की चौथी सबसे बड़ी पवन ऊर्जा शक्ति बन चुके हैं. साथ ही उन्होंने वैश्विक परिस्थितियों पर गहरी चिंता भी जताई.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के 133वें एपिसोड में देश की वैज्ञानिक प्रगति पर गर्व व्यक्त करते हुए वैश्विक तनाव को लेकर चिंता जताई. उन्होंने दुनिया से भगवान बुद्ध के शांति के आदर्शों को अपनाने की अपील की. पीएम मोदी ने कहा कि भारत अब पवन ऊर्जा के क्षेत्र में दुनिया की चौथी सबसे बड़ी ताकत बन चुका है. इस एपिसोड में प्रधानमंत्री ने परमाणु ऊर्जा, नवीकरणीय ऊर्जा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों जैसी उपलब्धियों पर प्रकाश डाला. साथ ही उन्होंने बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर शांति और सद्भाव का संदेश दिया.

कलपक्कम फास्ट ब्रीडर रिएक्टर की बड़ी उपलब्धि

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, चुनावों की भागदौड़ के बीच, आपके संदेशों और पत्रों के जरिए हम नागरिकों की उपलब्धियों की खुशियां साझा करते रहे हैं. इस बार आइए 'मन की बात' की शुरुआत देश की ऐसी ही एक बहुत बड़ी उपलब्धि से करें. कुछ दिन पहले भारत के परमाणु वैज्ञानिकों ने देश को एक और बड़ी उपलब्धि से गौरवान्वित किया है. तमिलनाडु के कलपक्कम में स्थित फास्ट ब्रीडर रिएक्टर ने 'क्रिटिकलिटी' हासिल कर ली है, जिसका मतलब है कि अब यह रिएक्टर संचालन के चरण में प्रवेश कर चुका है.

पवन ऊर्जा में भारत की नई उपलब्धि

पीएम मोदी ने मन की बात में कहा कि आज वह एक ऐसी शक्ति की बात करना चाहते हैं जो दिखाई नहीं देती, लेकिन उसके बिना जीवन एक पल भी संभव नहीं है- यह शक्ति है पवन ऊर्जा. उन्होंने कहा कि यही ताकत भारत को आगे बढ़ा रही है और आज पवन ऊर्जा देश के विकास की नई कहानी लिख रही है. प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत ने हाल ही में इस क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है और देश की पवन ऊर्जा क्षमता 56 गीगावाट से अधिक हो गई है, जिससे भारत दुनिया के अग्रणी चार देशों में शामिल हो गया है.

बुद्ध पूर्णिमा पर शांति का संदेश

पीएम मोदी ने कहा कि मई का महीना एक शुभ अवसर के साथ शुरू हो रहा है और कुछ ही दिनों में हम बुद्ध पूर्णिमा मनाएंगे. उन्होंने देशवासियों को अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गौतम बुद्ध का जीवन संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है. प्रधानमंत्री ने कहा कि भगवान बुद्ध ने हमें सिखाया कि शांति की शुरुआत हमारे भीतर से होती है और स्वयं पर विजय सबसे बड़ी जीत होती है. उन्होंने यह भी कहा कि आज दुनिया जिस तरह के तनाव और संघर्ष से गुजर रही है, उसमें बुद्ध के विचार और भी अधिक प्रासंगिक हो जाते हैं.

गणतंत्र उत्सव और बीटिंग रिट्रीट समारोह

पीएम मोदी ने कहा कि हमारे देश में 23 जनवरी, यानी सुभाष चंद्र बोस की जयंती से लेकर 30 जनवरी महात्मा गांधी की पुण्यतिथि तक 'गणतंत्र उत्सव' मनाया जाता है. उन्होंने बताया कि इस उत्सव का एक अहम हिस्सा बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी है, और इसके पीछे एक खास वजह है. प्रधानमंत्री ने कहा कि यह समारोह विभिन्न बैंड्स के जरिए देश की विविध संगीत परंपराओं को दर्शाता है, और पिछले कुछ वर्षों में इसमें भारतीय संगीत का समावेश बढ़ा है, जिसे देशवासियों ने खूब सराहा है. उन्होंने बताया कि इस साल का बीटिंग रिट्रीट समारोह बेहद यादगार रहा, जिसमें वायुसेना, थलसेना, नौसेना और सीएपीएफ के बेंड्स ने शानदार प्रस्तुतियां दीं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag