अहमदाबाद फैक्ट्री में लगी भीषण आग, धुएं के गुबार से मचा हड़कंप, मौके पर दमकल की कई टीमें पहुंची
पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब 9 बजे आग लगने की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तुरंत सायरन बजाती हुई घटनास्थल की ओर दौड़ पड़ीं.

अहमदाबाद में रविवार सुबह एक फैक्ट्री में भीषण आग लगने की घटना ने इलाके में दहशत फैला दी. संजय नगर के छपरा एक्सटेंशन में स्थित इस फैक्ट्री में प्लास्टिक के दाने बनाने का काम होता है. सुबह करीब 9 बजे लगी आग को बुझाने के लिए दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और बचाव कार्य तेजी से जारी है.पुलिस और दमकल विभाग की टीमें फैक्ट्री में आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. आग बुझने के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा.
आग लगने की सूचना और बचाव कार्य
अहमदाबाद के संजय नगर स्थित छपरा एक्सटेंशन में रविवार सुबह एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक फैक्ट्री में प्लास्टिक के दाने बनाने का काम होता है. पुलिस के अनुसार, आग लगने की सूचना सुबह करीब 9 बजे मिली थी. इसके तुरंत बाद, फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को मौके पर रवाना कर दिया गया.
फायर ऑफिसर का बयान
एडिशनल चीफ फायर ऑफिसर मिहिर राणा ने बताया कि 'बापूनगर इलाके में प्लास्टिक के दाने बनाने वाली एक कंपनी है, जहां हमें आग लगने की सूचना मिली थी. गोमतीपुर फायर स्टेशन की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं. सभी गाड़ियां आग बुझाने के काम में जुटी हुई हैं.
डीसीपी का बयान
वहीं अहमदाबाद शहर के डीसीपी जितेंद्र अग्रवाल ने कहा कि, पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं. आग पर काबू पाने की कोशिशें की जा रही हैं. हमें आज सुबह 9 बजे सूचना मिली थी और तभी से आग बुझाने के प्रयास जारी हैं. डीसीपी के मुताबिक फैक्ट्री में चश्मे के ऊपर के केस और खोखा बनाने का काम होता है.
कारणों की जांच बाकी
अधिकारियों ने फिलहाल आग किस वजह से लगी इसपर जानकारी नहीं दी है. आग लगने से फैक्ट्री को कितना नुकसान हुआ है इसका आकलन आग पर काबू पा लेने के बाद ही हो सकेगा.


