बरगी डैम हादसा: नर्मदा में डूबा क्रूज, 9 की मौत, तलाश जारी
जबलपुर के बरगी बांध में हुए क्रूज हादसे ने दहशत फैला दी है, जहां तेज आंधी के बीच नाव पलटने से कई लोगों की जान चली गई और कई अब भी लापता हैं.
जबलपुर: मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी बांध में 30 अप्रैल की शाम एक बड़ा हादसा हुआ, जब 40 से अधिक पर्यटकों से भरा क्रूज तेज आंधी के कारण नर्मदा नदी में पलट गया. इस घटना में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 8 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं. शुक्रवार सुबह तीन और शव बरामद किए गए, जिनकी पहचान नहीं हो पाई है. हादसे के बाद से एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं और अब तक 22 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, क्रूज भेड़ाघाट क्षेत्र में अचानक आए तूफान की चपेट में आ गया. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना पर शोक जताते हुए मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की है.


