Bargi Dam में पर्यटकों से भरा क्रूज डूबा, 9 शव बरामद... रेस्क्यू ऑपरेशन अब भी जारी

मध्य प्रदेश के जबलपुर में 30 अप्रैल को हुए क्रूज हादसे ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है. घटना के कई घंटे बाद भी बचाव और राहत के काम जारी हैं. शुक्रवार सुबह तक, मरने वालों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

जबलपुर: मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी बांध में हुए क्रूज हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी राहत और बचाव कार्य जारी है, लेकिन लापता लोगों के जीवित मिलने की उम्मीदें धीरे-धीरे कम होती जा रही हैं.

शुक्रवार सुबह तक इस हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 9 हो चुकी है. तीन शव शुक्रवार सुबह बरामद किए गए हैं, जिनमें से अधिकांश महिलाएं बताई जा रही हैं. हालांकि, इन शवों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है.

40 से ज्यादा पर्यटकों से भरा क्रूज पलटा

यह हादसा 30 अप्रैल, गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे हुआ, जब बरगी बांध में 40 से अधिक पर्यटकों को लेकर जा रहा क्रूज अचानक डूब गया. जबलपुर एसपी संपत उपाध्याय के मुताबिक, यह क्रूज मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा संचालित था और भेड़ाघाट क्षेत्र में तेज आंधी के चलते पलट गया.

बताया जा रहा है कि सुबह से ही इलाके में तेज हवाएं चल रही थीं, जो शाम होते-होते तूफान में बदल गईं और हादसे का कारण बनीं.

14 घंटे बाद भी जारी है तलाश

हादसे को 14 घंटे से अधिक समय बीत चुका है, जिससे लापता लोगों के जीवित मिलने की संभावना कम होती जा रही है. इसके बावजूद एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और पुलिस प्रशासन की टीमें युद्धस्तर पर तलाश अभियान चला रही हैं.

अब तक 22 लोगों को सुरक्षित बचाया जा चुका है, जबकि कई लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं.

ये हैं लापता यात्री

  • तमिल (5)
  • विराज (6)
  • मयूरम (9)
  • आरएच सैय्यद
  • रेशमा सैय्यद (66)
  • पूनम थापा (7)
  • समीम जफर
  • ज्योति श्रीवास (34)
  • मृतकों की सूची
  • नीतू सोनी (43)
  • सोभाग्यम अलागन (42)
  • मधुर मैसी (62)
  • काकुलाझी (38)

इसके अलावा चार अन्य शव भी बरामद हुए हैं, जिनकी पहचान अभी नहीं हो पाई है.

हादसे की पूरी टाइमलाइन

  • शाम 05:15 बजे: पर्यटक क्रूज पर सवार होकर नर्मदा नदी में घूम रहे थे.
  • शाम 05:30 बजे: खमरिया टापू के पास अचानक तेज आंधी और ऊंची लहरों के कारण क्रूज अनियंत्रित होकर पलट गया.
  • हादसे के दौरान लगभग 15 लोगों ने तैरकर अपनी जान बचाई.
  • क्रूज पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय प्रशासन को सूचना दी गई.
  • एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और प्रशासन की टीमों ने मिलकर 22 लोगों को सुरक्षित निकाला.
  • बाद में 4 महिलाओं की मौत की पुष्टि हुई.
  • देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलता रहा और शुक्रवार सुबह एक और शव बरामद हुआ.
  • अभी भी 8 लोग लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है.

क्रूज संचालन की जानकारी

बरगी बांध में वॉटर एक्टिविटी के तहत 2006 से क्रूज सेवा संचालित की जा रही है. यहां दो क्रूज उपलब्ध हैं—एक हाउस बोट और एक मिनी क्रूज. एक क्रूज में 60 लोगों के बैठने की क्षमता होती है, जबकि हादसे वाले क्रूज में 40 से अधिक लोग सवार थे.

इस क्रूज की टिकट कीमत करीब 200 से 220 रुपये है और 5 साल तक के बच्चों के लिए यह सेवा निशुल्क है.

मुख्यमंत्री ने की मुआवजे की घोषणा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त किया है और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता का भरोसा दिया है. सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को ₹4-4 लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है.

सीएम ने लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी समेत वरिष्ठ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश भी दिए हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag