चेन्नई एयरपोर्ट पर चलती फ्लाइट के बीच पैसेंजर ने खोला आपातकालीन द्वार, पुलिस ने किया गिरफ्तार
चेन्नई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर टैक्सींग के दौरान विमान का इमरजेंसी एग्जिट गेट खोल दिया, जिससे यात्रियों और क्रू मेंबर के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

चेन्नई: चेन्नई के चेन्नई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक यात्री ने टैक्सींग के दौरान विमान का इमरजेंसी एग्जिट गेट खोल दिया. यह घटना उस वक्त हुई जब एयर अरबिया की शारजाह से आई फ्लाइट लैंड करने के बाद रनवे से टर्मिनल की ओर बढ़ रही थी. जानकारी के मुताबिक, विमान में कुल 231 यात्री सवार थे. इसी दौरान एक 34 वर्षीय युवक ने अचानक इमरजेंसी एग्जिट गेट खोल दिया, जिससे यात्रियों और क्रू मेंबर के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने तुरंत विमान को रोक दिया और संबंधित अधिकारियों को सूचित किया.
आरोपी हुआ गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवान, बम निरोधक दस्ते और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं. सुरक्षा टीम ने विमान में चढ़कर हालात का जायजा लिया और संबंधित यात्री को हिरासत में ले लिया. पायलट द्वारा इस मामले में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है. फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसकी मानसिक स्थिति का भी आकलन किया जा रहा है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि उसने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया.
विमान में क्यों होते है एग्जिट गेट
बता दें, विमान के इमरजेंसी एग्जिट गेट केवल आपात स्थिति में उपयोग के लिए बनाए जाते हैं, ताकि यात्रियों को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला जा सके. बिना किसी वैध कारण के इनका इस्तेमाल करना न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे विमान और यात्रियों की सुरक्षा को गंभीर खतरा भी हो सकता है. इस घटना के बाद अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि मामले की पूरी जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.


