दिल्ली विवेक विहार आग हादसा: AC ब्लास्ट से 9 की मौत, कई घायल
दिल्ली के विवेक विहार इलाके में एक भीषण आग हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया. चार मंजिला इमारत में लगी आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया, जिससे कई लोगों को जान बचाने का मौका तक नहीं मिला.
रविवार सुबह दिल्ली के शाहदरा स्थित विवेक विहार में एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लग गई, जिसमें अब तक 9 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो चुकी है और 12 लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं. आग इतनी तेजी से फैली कि लोग इमारत से बाहर नहीं निकल पाए. दमकल विभाग को सुबह सूचना मिली, जिसके बाद तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया. प्रारंभिक जांच के अनुसार आग एक फ्लैट से शुरू होकर पूरे भवन में फैल गई. शाहदरा के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि शव बरामद किए जा चुके हैं और सर्च ऑपरेशन जारी है. स्थानीय निवासी ने दावा किया कि “एसी में विस्फोट के कारण आग लगी…”. फॉरेंसिक टीम और दमकल विभाग घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं. फिलहाल बचाव अभियान जारी है और प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है.


