दिल्ली के विवेक विहार में भीषण आग: चार मंजिला इमारत में 9 लोगों की जिंदा जलकर मौत, बचाव कार्य जारी
दिल्ली के शाहदरा के विवेक विहार में एक भीषण आग हादसे ने कई परिवारों को उजाड़ दिया. चार मंजिला इमारत में लगी आग में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग झुलस गए, आग लगने की वजह एसी ब्लास्ट होने की आशंका जताई जा रही है.

नई दिल्ली: दिल्ली के शाहदरा जिले के विवेक विहार इलाके में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां एक चार मंजिला आवासीय इमारत में भीषण आग लगने से कई जिंदगियां खत्म हो गईं. इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी और आसपास के लोग दहशत में आ गए.
आग इतनी तेजी से फैली कि इमारत में मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला. इस हादसे में अब तक 9 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो चुकी है, जबकि 12 लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं. सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.
सुबह तड़के लगी आग, तेजी से फैली लपटें
दमकल विभाग को सुबह के समय आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद तुरंत टीमों को मौके पर रवाना किया गया. शुरुआती जांच में पता चला है कि आग इमारत के एक फ्लैट में शुरू हुई और देखते ही देखते पूरे भवन में फैल गई. धुएं और तेज लपटों के कारण लोगों को बाहर निकलने में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा.
क्या बोले अधिकारी?
शाहदरा जिले के पुलिस उपायुक्त राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि यह हादसा विवेक विहार स्थित चार मंजिला इमारत में हुआ है. अब तक 9 शव बरामद किए जा चुके हैं और अन्य लोगों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है.
उन्होंने बताया कि दमकल, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और इमारत के हर हिस्से की गहन जांच की जा रही है. राहत कार्य के दौरान कुछ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
'एसी में विस्फोट के कारण आग लगी'
स्थानीय निवासी रोहित ने बताया,'एसी में विस्फोट के कारण आग लगी… 12 लोगों को बचा लिया गया है. हालांकि, कुछ लोग अब भी लापता हैं. आग सुबह लगभग 3:15 बजे लगी. दमकल गाड़ियां सुबह लगभग 3:35 बजे मौके पर पहुंच चुकी थीं.'
जांच में जुटी टीमें
फॉरेंसिक टीम और दमकल विभाग के अधिकारी आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं. साथ ही, इमारत में मौजूद सुरक्षा इंतजामों की भी पड़ताल की जा रही है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी. लोगों ने अपने स्तर पर बचाव कार्य में मदद करने की कोशिश की, लेकिन आग और धुएं की तीव्रता के चलते हालात बेहद चुनौतीपूर्ण हो गए.
राहत और बचाव अभियान जारी
फिलहाल प्रशासन का कहना है कि बचाव अभियान पूरी तरह खत्म होने के बाद ही मृतकों और घायलों की सटीक संख्या स्पष्ट हो पाएगी. टीमें लगातार मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं.


