बिहार में पुलिस का बड़ा एक्शन... हर्ष हत्याकांड का मुख्य आरोपी एनकाउंटर में ढेर
सीवान के चर्चित हर्ष सिंह हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को मुठभेड़ में मार गिराया है. मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.

बिहार: बिहार में अपराध के खिलाफ पुलिस की सख्ती लगातार देखने को मिल रही. सीवान जिले में चर्चित हर्ष सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है. रविवार तड़के हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने सोनू यादव को मार गिराया, जो इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी बताया जा रहा था. वह हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सरेया गांव का निवासी था.
पुलिस को लंबे समय से उसकी तलाश थी और गुप्त सूचना के आधार पर उसे घेरकर यह मुठभेड़ की गई. यह मामला 29 अप्रैल का है, जब एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था. गाड़ी सटने को लेकर हुए झगड़े में आरोपी ने गोलीबारी कर दी थी, जिसमें एक युवक की जान चली गई थी.
हर्ष सिंह की हत्या से फैली थी सनसनी
इस गोलीबारी में भाजपा नेता और पूर्व एमएलसी मनोज सिंह के भांजे हर्ष सिंह की मौके पर ही मौत हो गई थी. वहीं, उनके बहनोई गंभीर रूप से घायल हो गए थे. घटना के बाद पूरे इलाके में डर और आक्रोश का माहौल बन गया था. इस वारदात का एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें आरोपी खुलेआम गोली चलाते हुए दिखाई दे रहा था. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस पर तेजी से कार्रवाई करने का दबाव बढ़ गया था.
पहले भी हुआ था ‘हाफ एनकाउंटर’
इस मामले में पुलिस पहले भी एक अन्य आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है. कुछ दिन पहले छोटू यादव नाम के आरोपी को पकड़ने के दौरान पुलिस ने उसके पैर में गोली मारी थी, जिसे ‘हाफ एनकाउंटर’ कहा गया. इसके बाद से पुलिस लगातार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी.
वारदात में इस्तेमाल कार बरामद
जांच के दौरान पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली, जब वारदात में इस्तेमाल की गई कार को बरामद कर लिया गया. साथ ही, उस वाहन के चालक को भी गिरफ्तार किया गया है. आरोपी चालक की पहचान सुनील यादव के रूप में हुई है, जो हुसैनगंज थाना क्षेत्र के खरसंडा गांव का रहने वाला है. पुलिस को सूचना मिली थी कि यह कार जामो थाना क्षेत्र के मझौलिया गांव में देखी गई है. सूचना मिलते ही टीम ने तुरंत छापेमारी की और वाहन के साथ चालक को पकड़ लिया.
पुलिस की कार्रवाई जारी
पुलिस ने गिरफ्तार चालक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और बाकी आरोपियों की तलाश अभी भी जारी है. अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में शामिल सभी लोगों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा. इस पूरे घटनाक्रम से साफ है कि पुलिस इस मामले को लेकर पूरी तरह गंभीर है और अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कदम उठा रही है. वहीं, इस कार्रवाई से आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा भी बढ़ा है.


