गगनयान मिशन में बड़ी सफलता, ISRO ने किया सुरक्षित लैंडिंग सिस्टम का सफल परीक्षण

ISRO ने गगनयान मिशन के तहत एक अहम परीक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया है, जिससे अंतरिक्ष से सुरक्षित वापसी की उम्मीद मजबूत हुई है. अब आगे के मिशनों पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं.

Shraddha Mishra

अंतरिक्ष की दुनिया जितनी रोमांच से भरी होती है, उतनी ही चुनौतीपूर्ण भी होती है, खासकर जब बात अंतरिक्ष से सुरक्षित वापसी की हो. किसी भी देश के लिए मानव को अंतरिक्ष में भेजना ही नहीं, बल्कि उसे सही-सलामत वापस लाना सबसे बड़ी परीक्षा होती है. इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए भारत का महत्वाकांक्षी गगनयान मिशन लगातार आगे बढ़ रहा है. हाल ही में इसरो ने एक अहम परीक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया है, जिससे यह साफ संकेत मिलता है कि भारत अब इस दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल करने के करीब है.

ISRO की बड़ी सफलता

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन ISRO ने गगनयान मिशन के तहत दूसरा इंटीग्रेटेड एयर ड्रॉप टेस्ट (IADT-02) सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है. यह परीक्षण इसलिए खास माना जा रहा है क्योंकि यह अंतरिक्ष यात्रियों की सुरक्षित वापसी से जुड़ी तकनीक की जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा है. इस उपलब्धि से यह उम्मीद और मजबूत हुई है कि भविष्य में भारतीय अंतरिक्ष यात्री भी सुरक्षित रूप से अंतरिक्ष से लौट सकेंगे.

केंद्रीय मंत्री ने दी बधाई

इस सफलता पर केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने इसरो की टीम को बधाई दी. उन्होंने इसे गगनयान मिशन की दिशा में एक बड़ा कदम बताया. उन्होंने कहा कि भारत जल्द ही उन चुनिंदा देशों में शामिल होगा, जो मानव को अंतरिक्ष में भेजने और सुरक्षित वापस लाने की क्षमता रखते हैं. यह उपलब्धि देश की तकनीकी ताकत और आत्मनिर्भरता को भी दर्शाती है.

कैसे हुआ इंटीग्रेटेड एयर ड्रॉप टेस्ट

यह परीक्षण आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष स्टेशन में किया गया. इस दौरान एक डमी क्रू मॉड्यूल को ऊंचाई से गिराया गया, ताकि उसकी लैंडिंग प्रणाली की जांच की जा सके. जैसे ही मॉड्यूल नीचे आया, उसका पैराशूट सिस्टम समय पर खुल गया और उसकी गति नियंत्रित हो गई. 

यह बेहद जरूरी प्रक्रिया है, क्योंकि अंतरिक्ष से लौटते समय यान की गति बहुत ज्यादा होती है. ऐसे में पैराशूट ही उसे सुरक्षित तरीके से जमीन पर उतारने में मदद करता है. इस सफल परीक्षण से यह साबित हो गया कि वापसी की तकनीक सही दिशा में काम कर रही है.

गगनयान मिशन की तैयारी

इसरो के अध्यक्ष वी. नारायणन ने जानकारी दी कि गगनयान मिशन से पहले तीन मानवरहित उड़ानें भेजी जाएंगी. इनका मकसद सभी तकनीकों की पूरी तरह जांच करना है, ताकि मानव मिशन के दौरान कोई जोखिम न रहे. उन्होंने बताया कि फिलहाल पहले अनक्रूड मिशन की तैयारियां चल रही हैं और सभी काम तय योजना के अनुसार आगे बढ़ रहे हैं. मिशन की समय-सीमा से जुड़ी जानकारी सही समय पर साझा की जाएगी.

इसरो प्रमुख ने यह भी बताया कि किसी भी अंतरिक्ष मिशन में केवल लॉन्च ही महत्वपूर्ण नहीं होता, बल्कि उसके बाद के ऑपरेशन भी उतने ही जरूरी होते हैं. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि रॉकेट का काम कुछ मिनटों तक ही रहता है, लेकिन मिशन को सफल बनाने के लिए लंबे समय तक निगरानी और संचालन जरूरी होता है. कई संचार उपग्रह वर्षों तक सक्रिय रहते हैं, जिनकी लगातार देखरेख करनी पड़ती है.

मंगल मिशन से मिला अनुभव

इस संदर्भ में उन्होंने मंगल ऑर्बिटर मिशन  का जिक्र किया. इस मिशन में करीब 300 दिनों तक लगातार संचालन करना पड़ा था, तब जाकर यह सफल हो सका था. इस अनुभव ने इसरो को जटिल मिशनों को संभालने में काफी मदद दी है और गगनयान जैसे बड़े प्रोजेक्ट के लिए मजबूत आधार तैयार किया है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag