पंजाब हादसा: फतेहगढ़ साहिब में श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, 6 की मौत, 25 से अधिक घायल

पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में बैसाखी के बाद लौट रही श्रद्धालुओं से भरी बस हादसे का शिकार हो गई. इस दर्दनाक दुर्घटना में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

फतेहगढ़: पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में बैसाखी पर्व के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. श्री आनंदपुर साहिब से माथा टेककर लौट रही श्रद्धालुओं से भरी बस मंगलवार देर रात गांव भटेड़ी के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई. इस हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए.

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग तुरंत सहायता के लिए पहुंचे. सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीमें भी सक्रिय हो गईं और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का काम तेजी से शुरू किया गया. फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है.

बैसाखी पर लौट रही संगत बनी हादसे का शिकार

जानकारी के मुताबिक, बस्सी पठाना तहसील के गांव मैण माजरी की संगत बैसाखी के अवसर पर श्री आनंदपुर साहिब गई थी. इस संगत में डडयाना, माजरा और शेरगढ़ बाड़ा गांवों के श्रद्धालु भी शामिल थे. सभी श्रद्धालु गुरुद्वारा साहिब की पालकी वाली बस में सवार होकर देर रात वापस लौट रहे थे.

गांव मैण माजरी से करीब 3 किलोमीटर पहले, भटेड़ी के पास बस अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ.

राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू

हादसे की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा बल और बस्सी पठाना पुलिस मौके पर पहुंची. ग्रामीणों की मदद से तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया और घायलों को बस से निकालकर अस्पताल भेजा गया.

रिपोर्ट के अनुसार, रोपड़ जिले के मोरिंडा सिविल अस्पताल में 15 घायलों को भर्ती कराया गया है.

कई अस्पतालों में चल रहा इलाज

फतेहगढ़ साहिब सिविल अस्पताल में 9 घायलों को लाया गया, जिनमें से 2 की हालत गंभीर होने पर उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया. इसके अलावा बस्सी पठाना अस्पताल में भी कुछ घायलों का इलाज जारी है.

मौके पर पहुंचे अधिकारी, ट्रैफिक हुआ बहाल

हादसे की जानकारी मिलते ही एसएसपी फतेहगढ़ साहिब शुभम अग्रवाल, डीएसपी बस्सी पठाना राजकुमार शर्मा और विधायक रुपिंदर सिंह हैप्पी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने राहत कार्यों का जायजा लिया.

पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को सड़क से हटाया, जिसके बाद यातायात को सामान्य किया गया.

हरसिमरत कौर बादल ने जताया दुख

शिरोमणि अकाली दल की सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag