CM योगी का बड़ा ऐलान: श्रमिकों को आवास से स्वास्थ्य तक कई सुविधाएं

उत्तर प्रदेश के श्रमिकों के लिए आज बड़ी घोषणाओं का दिन है. 'श्रमवीर गौरव समारोह 2026’ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आवास, स्वास्थ्य, डिजिटल और स्किल डेवलपमेंट से जुड़ी कई योजनाओं की शुरुआत करेंगे.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के श्रमिकों के लिए आज का दिन अहम रहने वाला है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 'श्रमवीर गौरव समारोह 2026' के दौरान श्रमिकों के हित में कई नई योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने जा रहे हैं. इन योजनाओं के जरिए श्रमिकों को आवास, स्वास्थ्य, डिजिटल सेवाओं और कौशल विकास जैसी सुविधाएं एक साथ उपलब्ध कराई जाएंगी.

लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित इस कार्यक्रम में श्रमिक कल्याण से जुड़ी कई परियोजनाओं को जमीन पर उतारा जाएगा. सरकार का उद्देश्य श्रमिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है.

नए श्रमिक केंद्र और डिजिटल सुविधाओं की शुरुआत

कार्यक्रम के तहत बलरामपुर, झांसी और गोंडा में नए श्रमिक केंद्र स्थापित किए जाएंगे. इसके साथ ही 'डिजिटल लेबर चौक' ऐप लॉन्च किया जाएगा और बीओसीडब्ल्यू बोर्ड की नई वेबसाइट का भी लोकार्पण होगा.

नोएडा में हाल ही में हुए श्रमिक आंदोलन के बाद उनके वेतनमान में बढ़ोतरी की गई थी. अब सरकार इन योजनाओं के माध्यम से श्रमिकों के व्यापक कल्याण की दिशा में कदम बढ़ा रही है.

आवास और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में श्रमिकों के लिए ईएसआईसी डिस्पेंसरी और छात्रावास बनाए जाएंगे. औद्योगिक विकास योजनाओं के तहत 40 वर्गमीटर के 2000 आवासीय प्लॉट आवंटित किए जाएंगे.

इसके अलावा औद्योगिक क्षेत्रों में पांच एकड़ भूमि पर श्रमिक हॉस्टल भी विकसित किए जाएंगे, जिससे कामगारों को बेहतर रहने की सुविधा मिल सके.

स्किल डेवलपमेंट और सीएसआर सहयोग

टाटा समूह के सीएसआर सहयोग से स्किल डेवलपमेंट सेल, श्रमिक सुविधा केंद्र और आवासीय सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा. इससे श्रमिकों को रोजगार के बेहतर अवसर और प्रशिक्षण मिल सकेगा.

ग्रेटर नोएडा में अस्पताल और महिला छात्रावास

ग्रेटर नोएडा में 7.2 एकड़ भूमि पर 300 बेड का ईएसआईसी अस्पताल और 500 बेड का कार्यशील महिला छात्रावास प्रस्तावित है. इसके अलावा सार्वजनिक पुस्तकालय भी स्थापित किए जाएंगे.

सीएसआर फंड के तहत करीब दो करोड़ रुपये की लागत से स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की योजना है.

शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर जोर

श्रमिक परिवारों के मेधावी छात्रों को टैबलेट वितरित किए जाएंगे, जिससे उन्हें डिजिटल शिक्षा से जोड़ा जा सके. समारोह के दौरान श्रमिकों को प्रमाणपत्र और टूलकिट भी दिए जाएंगे, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें.

अटल आवासीय योजना के तहत प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया जाएगा.

कार्यक्रम में शामिल होंगे कई मंत्री

इस समारोह में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक के साथ औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी', श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, एमएसएमई मंत्री राकेश सचान और राज्य मंत्री जसवंत सिंह सैनी भी मौजूद रहेंगे.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag