एअर इंडिया जुलाई तक कम करेगी इंटरनेशनल फ्लाइट्स, जानिए वजह
एअर इंडिया ने जुलाई तक अपनी कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें कम करने का फैसला किया है. कंपनी के CEO और मैनेजिंग डायरेक्टर कैंपबेल विल्सन ने कर्मचारियों को भेजे संदेश में बताया कि अप्रैल और मई में कुछ उड़ानों में कटौती की जा चुकी है.

एअरस्पेस पाबंदियों और जेट फ्यूल की बढ़ती कीमतों के चलते घाटे से जूझ रही एअर इंडिया ने जुलाई तक अपनी कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें कम करने का फैसला किया है. कंपनी के CEO और मैनेजिंग डायरेक्टर कैंपबेल विल्सन ने कर्मचारियों को भेजे संदेश में बताया कि अप्रैल और मई में कुछ उड़ानों में कटौती की जा चुकी है, जबकि जून और जुलाई में भी शेड्यूल और घटाया जाएगा.
घाटे का सौदा साबित हुआ
दरअसल, पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण कई देशों के एअरस्पेस पर प्रतिबंध लगे हुए हैं. इसकी वजह से एयर इंडिया को कई इंटरनेशनल रूट्स पर लंबा रास्ता अपनाना पड़ रहा है, जिससे जेट फ्यूल की खपत और ऑपरेशन लागत दोनों बढ़ गई हैं. कंपनी का कहना है कि कई विदेशी रूट अब मुनाफे वाले नहीं रह गए हैं और उन्हें चलाना घाटे का सौदा साबित हो रहा है.
कैंपबेल विल्सन ने क्या कहा
कैंपबेल विल्सन, जिन्होंने इस साल के अंत तक पद छोड़ने की घोषणा की है, ने कहा कि मौजूदा हालात एयरलाइन इंडस्ट्री के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं. उन्होंने यात्रियों और क्रू मेंबर्स को होने वाली असुविधा पर खेद जताते हुए उम्मीद जताई कि मध्य-पूर्व की स्थिति जल्द सामान्य होगी और होर्मुज स्ट्रेट दोबारा खुल जाएगा, जिससे उड़ान संचालन सामान्य हो सकेगा.
करोड़ों का नुकसान
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 31 मार्च 2026 को समाप्त वित्त वर्ष में एयर इंडिया ग्रुप को 22,000 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है. बता दे कि मध्य-पूर्व की स्थिति जल्द सामान्य हो सकती है.
5 प्रतिशत तक बढ़ोतरी
इस बीच इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) ने अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए इस्तेमाल होने वाले एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) यानी जेट फ्यूल की कीमतों में 5 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की है. नई दरें 1 मई से लागू की गई हैं. हालांकि घरेलू एयरलाइंस के लिए ATF की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है.
ATF की कीमत बढ़ी
सरकारी तेल कंपनियों के अनुसार, दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए ATF की कीमत बढ़ाकर 1,511.86 डॉलर प्रति किलोलीटर कर दी गई है. इससे पहले 1 अप्रैल को भी जेट फ्यूल की कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है.


