इटली में गुरुद्वारे के बाहर फायरिंग, दो भारतीयों की मौत; हमलावर फरार
इटली के बर्गामो में गुरुद्वारे के बाहर हुई फायरिंग में दो भारतीयों की मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में सर्च ऑपरेशन चला रही है.

नई दिल्ली: इटली के बर्गामो शहर से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक गुरुद्वारे के बाहर गोलीबारी में दो भारतीयों की मौत हो गई. इस वारदात ने स्थानीय भारतीय समुदाय में डर और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है.
जानकारी के मुताबिक, यह घटना शहर के औद्योगिक इलाके में स्थित एक गुरुद्वारे के बाहर हुई, जिसे एक गोदाम को पूजा स्थल में बदलकर बनाया गया था. फायरिंग करने वाला आरोपी मौके से फरार हो गया है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है.
गुरुद्वारे के बाहर हुई वारदात
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह हमला शुक्रवार देर रात गुरुद्वारा माता साहिब कौर जी के सामने हुआ. जैसे ही दो लोग गुरुद्वारे से बाहर निकले, एक अज्ञात हमलावर ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी.
मृतकों की पहचान
इस हमले में जान गंवाने वाले दोनों व्यक्ति भारतीय सिख समुदाय से जुड़े थे. उनकी पहचान राजिंदर सिंह और गुरमीत सिंह के रूप में हुई है. घटना के वक्त दोनों गुरुद्वारे से बाहर निकल रहे थे.
हमलावर भी भारतीय होने की आशंका
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गोली चलाने वाला व्यक्ति भी भारतीय हो सकता है. बताया जा रहा है कि वह किसी वाहन में बैठकर तुरंत मौके से फरार हो गया.
कहासुनी के बाद चली गोली
शुरुआती जानकारी के अनुसार, घटना से पहले किसी बात को लेकर बहस हुई थी, जिसके बाद हमलावर ने गोली चला दी. कुछ लोगों का यह भी कहना है कि आरोपी अक्सर गुरुद्वारे में आता-जाता था.
इस घटना में एक तीसरे व्यक्ति के घायल होने की भी खबर है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
मौके से बरामद हुए गोलियों के खोखे
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. घटनास्थल से करीब 10 राउंड गोलियों के खोखे बरामद किए गए हैं, जिससे हमले की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा रहा है.
हालांकि शुरुआती जांच में इसे अचानक हुई बहस का नतीजा माना जा रहा है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
इलाके में दहशत, पुलिस की सर्च ऑपरेशन
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है. इटली की पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है और शहर में नाकेबंदी कर दी गई है.


