48 घंटे की धमकी के बाद बड़ा हमला? ट्रंप ने वीडियो शेयर करते हुए किया बड़ा दावा

ट्रंप के तेहरान हमले के दावे और वायरल वीडियो के बाद अमेरिका-ईरान तनाव और बढ़ गया है. अमेरिकी विमान गिराए जाने, पायलट के लापता होने और तीखी बयानबाजी ने हालात को और ज्यादा गंभीर बना दिया है.

Shraddha Mishra

अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक दावे और उसके साथ साझा किए गए वीडियो ने पूरे पश्चिम एशिया में हलचल मचा दी है. ट्रंप ने दावा किया है कि तेहरान में हुए एक बड़े हमले में ईरान के कई शीर्ष सैन्य अधिकारी मारे गए हैं, जिससे हालात और ज्यादा तनावपूर्ण हो गए हैं.

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें रात के अंधेरे में जोरदार विस्फोट दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में आसमान बार-बार चमकता नजर आता है, जिससे हमले की तीव्रता का अंदाजा लगाया जा सकता है. हालांकि, इस वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है, लेकिन इसने वैश्विक स्तर पर चिंता बढ़ा दी है.

48 घंटे का अल्टीमेटम और बढ़ता दबाव

इस हमले से पहले ट्रंप ने ईरान को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया था. उन्होंने कहा था कि अगर ईरान अमेरिका के साथ समझौता नहीं करता या होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से नहीं खोलता, तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे. यह जलडमरूमध्य वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए बेहद अहम माना जाता है, इसलिए इसकी बंदी से दुनिया भर की अर्थव्यवस्था प्रभावित हो सकती है.

युद्ध में नया मोड़: अमेरिकी विमानों पर हमला

स्थिति तब और गंभीर हो गई जब खबर आई कि ईरान के ऊपर दो अमेरिकी लड़ाकू विमान गिरा दिए गए. यह इस संघर्ष के दौरान पहली बार हुआ है, जिससे अमेरिका को बड़ा झटका लगा है. एक विमान के चालक दल का सदस्य अभी भी लापता बताया जा रहा है, जिसे खोजने के लिए अमेरिकी सेना ने अभियान तेज कर दिया है. यह मिशन काफी जोखिम भरा माना जा रहा है क्योंकि यह शत्रु क्षेत्र में चल रहा है.

वाशिंगटन में राजनीतिक हलचल

युद्ध के बीच अमेरिका में भी राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने सेना प्रमुख जनरल रैंडी जॉर्ज को अचानक पद छोड़ने के लिए कहा है. इस फैसले के पीछे का कारण साफ नहीं किया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि यह कदम युद्ध की रणनीति और बढ़ते नुकसान को लेकर उठाया गया है.

ईरान का पलटवार और तंज

दूसरी तरफ, ईरान ने इस पूरे घटनाक्रम पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. उसके अलग-अलग देशों में स्थित दूतावासों ने सोशल मीडिया पर अमेरिका का मजाक उड़ाया है. ईरान ने ट्रंप के “सत्ता परिवर्तन” वाले बयान पर तंज कसते हुए कहा कि असली राजनीतिक उथल-पुथल तो अमेरिका में ही चल रही है.

कुछ पोस्ट्स में अमेरिकी सैन्य अधिकारियों की तस्वीरों के साथ व्यंग्यात्मक संदेश भी साझा किए गए. वहीं, लापता अमेरिकी पायलट को लेकर भी ईरान ने तंज भरी टिप्पणी की और दावा किया कि उनके यहां बंदियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाता है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag