मुंबई इंडियंस ने चेन्नई के खिलाफ की बेईमानी? सैंटनर की जगह शार्दुल के शामिल होने पर कोच जयवर्धने ने दी सफाई
गुरूवार को मुंबई और चेन्नई के बीच सीजन का 33वां मैच खेला गया, जहां हार्दिक पांड्या की टीम को हार का सामना करना पड़ा. हालांकि मैच के दौरान कुछ ऐसा देखने को मिला, जिसको लेकर मुंबई पर चीटिंग का आरोप लगने लगा है.

IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 33वें मैच में मुंबई इंडियंस को चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ भारी हार का सामना करना पड़ा. पांच बार की चैंपियन टीम 103 रनों से हार गई. यह सीजन में मुंबई की पांचवीं हार थी. मैच के दौरान एक विवादास्पद घटना ने सुर्खियां बटोरी, जिसमें मुंबई पर कन्कशन रिप्लेसमेंट के गलत इस्तेमाल का आरोप लगा है.
मैच में क्या हुआ?
चेन्नई की पारी के 17वें ओवर में मुंबई के मिचेल सैंटनर ने एक शानदार कैच पकड़ने की कोशिश की. कैच तो सफल रहा, लेकिन सैंटनर चोटिल हो गए. उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा. देखने में लगा कि चोट कंधे में लगी है.
चोटिल होने के बाद मुंबई इंडियंस ने कन्कशन सब्स्टीट्यूट की मांग की. मैच रेफरी और अंपायर की मंजूरी के बाद शार्दुल ठाकुर को सैंटनर की जगह बल्लेबाजी के लिए उतारा गया.
Excellently judged 👌
Mitchell Santner with a fine diving catch in the deep 👏👏
1⃣st wicket of the night for Jasprit Bumrah ☝️
Updates ▶️ https://t.co/gGt34dqUoq#TATAIPL | #KhelBindaas | #MIvCSK | @mipaltan pic.twitter.com/5EyRNf9kCb— IndianPremierLeague (@IPL) April 23, 2026
क्यों उठा चीटिंग का आरोप?
सवाल यह उठा कि अगर चोट कंधे में थी, तो कन्कशन रिप्लेसमेंट क्यों लिया गया? कन्कशन नियम आमतौर पर सिर या दिमाग से जुड़ी चोट के लिए होता है. कई लोग इसे नियम का दुरुपयोग बता रहे हैं और मुंबई पर चीटिंग का आरोप लगा रहे हैं.
कोच महेला जयवर्धने की सफाई
मैच के बाद मुंबई के हेड कोच महेला जयवर्धने ने पूरी घटना की सफाई दी. उन्होंने बताया कि कैच लेते समय सैंटनर का पहले सिर जमीन पर लगा, फिर गर्दन और उसके बाद कंधा. जयवर्धने ने कहा, “सैंटनर को चक्कर आ रहे थे और वे स्थिर महसूस नहीं कर रहे थे. हम उन्हें स्कैन के लिए ले गए. कंधे पर आइसिंग लगाई गई थी, लेकिन उनकी हालत ठीक नहीं लग रही थी, इसलिए हमने कन्कशन की मांग की.”
कोच ने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि सैंटनर को निराशा होगी कि उनकी बल्लेबाजी की जगह शार्दुल ठाकुर को भेजा गया, लेकिन टीम ने चोट को गंभीरता से लिया. उन्होंने उम्मीद जताई कि सैंटनर की चोट ज्यादा गंभीर नहीं होगी.
सैंटनर का प्रदर्शन
चोटिल होने से पहले सैंटनर ने 4 ओवर फेंके और 44 रन देकर 1 विकेट लिया. रिप्लेसमेंट शार्दुल ठाकुर नंबर 8 पर बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 6 रन बना सके. मुंबई 208 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 19 ओवर में 104 रन पर सिमट गई.


