घना कोहरा बना काल, लखीमपुर खीरी में टेंपो पलटने से तीन मासूमों समेत 4 की मौत
यूपी के लखीमपुर खीरी में सड़क हादसे में 3 मासूमों समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

लखीमपुर खीरी जिले के धौरहरा थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसा हो गया. बसंतापुर पुलिया के समीप सवारियों से भरा एक टेंपो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया. इस दर्दनाक हादसे में तीन मासूम बच्चों समेत कुल चार लोगों की जान चली गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
चालक को दिखाई नहीं दे रहा था रास्ता
बताया जा रहा है कि हादसे के समय इलाके में घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे वाहन चालक को आगे का रास्ता साफ दिखाई नहीं दे रहा था. प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना का शिकार हुए सभी लोग रात लगभग 12 बजकर 45 मिनट पर धौरहरा से एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होकर अपने गांव ऊंचगांव लौट रहे थे. जैसे ही टेंपो बसंतापुर पुलिया के पास पहुंचा चालक का वाहन पर से नियंत्रण हट गया और टेंपो सड़क पर पलट गया. हादसा इतना भीषण था कि टेंपो में सवार लोग इधर-उधर गिर पड़े और मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
घायलों को सीएचसी धौरहरा पहुंचाया गया
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धौरहरा पहुंचाया गया. वहां डॉक्टरों ने 12 वर्षीय खुशबू, 5 वर्षीय अबू तालिब और 2 वर्षीय अजरा को मृत घोषित कर दिया. वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल किस्मतुन (45 वर्ष), साकिया (20 वर्ष), सादिया (22 वर्ष), निदा (10 वर्ष), अकील (18 वर्ष) और टेंपो चालक इसराइल उर्फ जीशानन (30 वर्ष) को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल लखीमपुर खीरी रेफर किया गया.
टेंपो चालक ने तोड़ा दम
जिला अस्पताल में इलाज के दौरान टेंपो चालक इसराइल उर्फ जीशानन ने भी दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या चार हो गई. इस खबर के बाद मृतकों के परिजनों में मातम छा गया और गांव में शोक का माहौल बन गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
पीएम के लिए भेजे गए शव
पुलिस ने सभी शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है. वहीं, प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि कोहरे के मौसम में वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें.


