वलसाड में पिकअप पलटने से दर्दनाक हादसा, 6 लोगों की मौत

वलसाड में पिकअप वैन पलटने से 6 लोगों की मौत और कई घायल हो गए, वाहन में 28 लोग सवार थे. ब्रेक फेल होने और नियंत्रण खोने के कारण पहाड़ी रास्ते पर यह दर्दनाक हादसा हुआ.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

गुजरात के वलसाड जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं. कपराडा क्षेत्र के वीरक्षेत्र के पास एक पिकअप वाहन के पलट जाने से छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. बताया जा रहा है कि वाहन में कुल 28 लोग सवार थे, जिनमें एक ही परिवार के सदस्य शामिल थे.

नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराए गए घायल 

यह हादसा उस समय हुआ जब परिवार के लोग ‘आणु’ कार्यक्रम में शामिल होकर वापस अपने गांव लौट रहे थे. सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एंबुलेंस की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया. घायलों को जल्द से जल्द नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.

प्रारंभिक जांच के अनुसार, दुर्घटना का कारण वाहन चालक का नियंत्रण खो देना बताया जा रहा है. हादसे के समय पिकअप वैन एक पहाड़ी रास्ते पर चढ़ाई कर रही थी. इसी दौरान अचानक वाहन पीछे की ओर खिसकने लगा. बताया जा रहा है कि वैन के ब्रेक अचानक काम करना बंद कर गए, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई. चालक ने वाहन को संभालने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो पाया और वैन अनियंत्रित होकर पलट गई.

इस हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग गिरनारा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं, जो कोलवेरा गांव में आयोजित आणु कार्यक्रम में शामिल होने गए थे. वापसी के दौरान यह हादसा उनके लिए काल बनकर आया.

इलाके में शोक का माहौल

घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है. स्थानीय प्रशासन मामले की जांच में जुटा है और हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है. यह दुर्घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा और वाहनों की तकनीकी जांच की जरूरत को उजागर करती है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag