UP में इस साल होगी एक लाख पुलिसकर्मियों की भर्ती, CM योगी ने नियुक्ति पत्र सौंप किया ऐलान
लखनऊ में आयोजित एक समारोह में सीएम योगी ने पुलिस दूरसंचार विभाग के 936 नए परिचालकों को नियुक्ति पत्र सौंपे. इस दौरान उन्होंने पुलिस विभाग में एक लाख नई भर्तियों का ऐलान किया है.

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा मौका देते हुए इस साल पुलिस विभाग में लगभग एक लाख नई भर्तियों का ऐलान किया है. इससे राज्य रोजगार तेजी से बढ़ेगी और आर्थिक स्थिति भी देश की और भी मजबूत होगी.
भर्ती का ऐलान और नियुक्ति पत्र वितरण
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित एक समारोह में सीएम योगी ने पुलिस दूरसंचार विभाग के 936 नए परिचालकों को नियुक्ति पत्र सौंपे. इस मौके पर उन्होंने घोषणा की कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड इस वर्ष सिविल पुलिस, उपनिरीक्षक समेत विभिन्न पदों पर करीब एक लाख भर्तियां पूरी करेगा.
हाल ही में होमगार्ड विभाग में भी 41,000 से ज्यादा स्वयंसेवकों की भर्ती प्रक्रिया सफलतापूर्वक चल रही है. इससे साफ है कि सरकार सुरक्षा बलों को मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं को सरकारी नौकरियां देने पर जोर दे रही है.
प्रशिक्षण व्यवस्था में बड़ा बदलाव
मुख्यमंत्री ने बताया कि साल 2017 से पहले प्रदेश में पुलिस प्रशिक्षण की क्षमता सिर्फ 3,000 जवानों की थी. अब सरकार ने इसे काफी बढ़ा दिया है. हाल ही में 60,244 नए आरक्षियों ने उत्तर प्रदेश के अपने ट्रेनिंग सेंटरों में ही सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा किया. अब यूपी को अपने पुलिसकर्मियों की ट्रेनिंग के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता.
कानून व्यवस्था और विकास का गहरा संबंध
सीएम योगी ने कहा कि मजबूत कानून व्यवस्था विकास की बुनियाद होती है. गुंडा-माफिया मुक्त माहौल बनाने से ही बड़े-बड़े निवेशक उत्तर प्रदेश आ रहे हैं. पुलिस न सिर्फ शांति बनाए रख रही है बल्कि प्रदेश की आर्थिक प्रगति में भी अहम भूमिका निभा रही है.
खेल प्रतिभाओं को मिल रहा मौका
उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य बन गया है जहां 500 से ज्यादा कुशल खिलाड़ियों को सीधे पुलिस बल में शामिल किया गया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि इन खिलाड़ियों के अच्छे प्रदर्शन से पुलिस की छवि सुधरी है और बल की शारीरिक-मानसिक क्षमता भी बढ़ी है.
सरकार का लक्ष्य है कि पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से ये भर्तियां पूरी हो, ताकि युवाओं को नौकरी मिल सके और प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत हो. इस बड़े अभियान से लाखों युवाओं को सरकारी नौकरी का सपना पूरा होने की उम्मीद जगी है.


