फिर जहरीली हुई दिल्ली की हवा, प्रदूषण और कोहरे की दोहरी मार ने बढ़ाई परेशानी

राजधानी में शनिवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 385 दर्ज किया गया. कई इलाकों में तो ये 400 के पार पहुंच गया. वहीं, शनिवार सुबह कई इलाकों में मध्यम से घना कोहरा छाया रहा.

Shraddha Mishra

दिल्ली की हवा एक बार फिर लोगों की सेहत के लिए बड़ा खतरा बनती नजर आ रही है. राजधानी में वायु प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ गया है और हवा की गुणवत्ता गंभीर स्थिति के बेहद करीब पहुंच चुकी है. शनिवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 385 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है. कई इलाकों में AQI 400 के पार पहुंच गया, जिसे ‘गंभीर’ श्रेणी माना जाता है. वहीं आने वाले दो से तीन दिनों तक दिल्लीवासियों को जहरीली हवा से राहत मिलने की उम्मीद कम है. 

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार प्रदूषण में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. बृहस्पतिवार को दिल्ली का AQI 234 था, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है. शुक्रवार को यह बढ़कर 332 हो गया और ‘बहुत खराब’ स्थिति में पहुंच गया. शनिवार को हालात और बिगड़ गए और AQI 385 तक जा पहुंचा. यह गिरावट साफ तौर पर दर्शाती है कि प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ रहा है.

कई इलाकों में गंभीर हालात

सीपीसीबी के समीर ऐप के अनुसार, दिल्ली में मौजूद 40 वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों में से 14 केंद्रों पर AQI 400 से अधिक दर्ज किया गया. यानी इन इलाकों में हवा गंभीर रूप से प्रदूषित रही. आनंद विहार क्षेत्र में प्रदूषण सबसे अधिक देखा गया. वहीं 15 स्थानों पर AQI ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रहा. केवल एनएसआईटी द्वारका में AQI 300 से नीचे दर्ज किया गया. 

प्रदूषण के प्रमुख कारण

IITM पुणे के डिसीजन सपोर्ट सिस्टम (DSS) के मुताबिक, शनिवार को दिल्ली में प्रदूषण का सबसे बड़ा कारण वाहनों से निकलने वाला धुआं रहा, जिसकी हिस्सेदारी 16.2 प्रतिशत रही. इसके अलावा दिल्ली और आसपास के इलाकों में उद्योगों से होने वाला उत्सर्जन 8.5 प्रतिशत, आवासीय गतिविधियों से निकलने वाला प्रदूषण 4 प्रतिशत और बायोमास जलाने से होने वाला उत्सर्जन 1.6 प्रतिशत दर्ज किया गया.

कोहरे ने बढ़ाई परेशानी, यलो अलर्ट जारी

प्रदूषण के साथ-साथ मौसम भी लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है. शनिवार सुबह दिल्ली के कई इलाकों में मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहा, जबकि कुछ स्थानों पर घना कोहरा भी देखने को मिला. रात के समय भी हल्का कोहरा बना रहा. मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी ऐसी ही स्थिति रहने की संभावना है, जिसको देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है.

शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 1.8 डिग्री अधिक रहा. वहीं न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से थोड़ा कम था. सुबह 8:30 बजे सापेक्ष आर्द्रता 70 प्रतिशत थी, जो शाम 5:30 बजे तक बढ़कर 100 प्रतिशत तक पहुंच गई. मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रह सकता है, इसके बाद धीरे-धीरे इसमें बढ़ोतरी होने की संभावना है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag