3 दिन में 500 करोड़, 28 दिन में 1700 करोड़ पार! रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ ने तोड़े कई बड़े रिकॉर्ड

रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है. कमाई के आंकड़े चौंकाने वाले हैं और कई बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ चुकी है.

Shraddha Mishra

बॉक्स ऑफिस पर इस समय अगर किसी फिल्म का दबदबा सबसे ज्यादा नजर आ रहा है, तो वह है रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’. रिलीज के 28 दिन बाद भी यह फिल्म लगातार कमाई के नए कीर्तिमान बना रही है. दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स और फिल्म की ताबड़तोड़ कमाई ने इसे साल 2026 की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर बना दिया है. खास बात यह है कि इस फिल्म ने न सिर्फ कमाई की है, बल्कि कई बड़े रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिए हैं.

‘धुरंधर 2’ ने अब तक भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 1,095.67 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है. वहीं दुनियाभर में इसका कुल कलेक्शन 1,727.93 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. इतनी बड़ी कमाई के साथ यह फिल्म ग्लोबल लेवल पर भी चर्चा में बनी हुई है.

सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली हिंदी फिल्म

फिल्म ने पहले ही दिन 145 करोड़ रुपये की कमाई कर इतिहास रच दिया था. यह अब तक की किसी भी हिंदी फिल्म की सबसे बड़ी ओपनिंग मानी जा रही है. इस मामले में इसने स्त्री 2, पठान, एनिमल और जवान जैसी बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया.

शुरुआती दिनों में ही 500 करोड़ पार

रिलीज के महज तीन दिनों के अंदर ही फिल्म ने ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर 500 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया था. यह उपलब्धि बहुत कम फिल्मों को हासिल होती है, जो इसकी लोकप्रियता को दर्शाती है.

ओपनिंग वीकेंड पर भी रिकॉर्ड

ओपनिंग वीकेंड पर फिल्म ने 384 करोड़ रुपये की कमाई की, जो अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड है. इस दौरान इसने शाहरुख खान की 'पठान' और अल्लू अर्जुन की 'पुष्पा 2 द रूल' को भी पीछे छोड़ दिया.

2026 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म

आदित्य धर के निर्देशन में बनी यह एक्शन स्पाई फिल्म इस साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन चुकी है. इसके बाद वरुण धवन की 'बॉर्डर 2' का नाम आता है, जिसने अब तक 464.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है.

1000 करोड़ क्लब में ऐतिहासिक एंट्री

‘धुरंधर 2’ ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर एक नया रिकॉर्ड बना दिया है. यह ऐसा करने वाली पहली हिंदी फिल्म बन गई है, जिसने इंडस्ट्री में नया बेंचमार्क सेट कर दिया है.

बड़ी फिल्मों के रिकॉर्ड भी टूटे

इस फिल्म ने सलमान खान की 'बजरंगी भाईजान' को कमाई के मामले में पीछे छोड़ दिया है. वहीं आमिर खान की फिल्म 'दंगल' को भी इसने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर पहले ही वीकेंड में पीछे कर दिया था. इसके अलावा शाहरुख खान की फिल्म 'जवान' का रिकॉर्ड भी ‘धुरंधर 2’ के सामने टिक नहीं पाया.

फिल्म सीरीज का बड़ा रिकॉर्ड

‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर 2’ को मिलाकर इस सीरीज ने ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर 3000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है. यह उपलब्धि हासिल करने वाली यह पहली भारतीय फिल्म सीरीज बन गई है, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है.

पेड प्रीव्यू से ही शानदार शुरुआत

फिल्म ने रिलीज से पहले ही पेड प्रीव्यू के जरिए 43 करोड़ रुपये की कमाई कर ली थी. यह किसी भी भारतीय फिल्म के लिए अब तक की सबसे बड़ी एडवांस कमाई मानी जा रही है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag