पेट्रोल-डीजल और LPG के बाद अब दूध के दाम बढ़े, आपके शहर में कितनी है कीमत?

मध्य प्रदेश के कई शहरों में गर्मियों के चलते दूध के दाम 2–4 रुपये प्रति लीटर बढ़ा दिए गए हैं. चारे की कमी और उत्पादन घटने की वजह से विक्रेताओं ने कीमतें बढ़ाने का फैसला लिया है.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

मध्य प्रदेश में आम लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है. पहले से ही डीजल और एलपीजी की बढ़ी कीमतों से परेशान उपभोक्ताओं पर अब दूध की कीमतों में बढ़ोतरी का असर भी साफ दिखने लगा है. गर्मियों की शुरुआत के साथ ही राज्य के कई शहरों में खुले दूध के दाम बढ़ा दिए गए हैं. जानकारी के मुताबिक, बुधवार से दूध विक्रेताओं ने प्रति लीटर दो से चार रुपये तक की बढ़ोतरी लागू कर दी है.

मध्य प्रदेश दूध विक्रेता महासंघ के अध्यक्ष ने क्या कहा?

मध्य प्रदेश दूध विक्रेता महासंघ के अध्यक्ष भारत मथुरावाला ने बताया कि इंदौर, भोपाल, उज्जैन, धार, देवास और जबलपुर समेत कई शहरों में दूध के दामों में इजाफा किया गया है. यह बढ़ोतरी स्थानीय परिस्थितियों और लागत के आधार पर तय की गई है, जिसके चलते अलग-अलग जगहों पर कीमतों में थोड़ा अंतर देखने को मिल रहा है.

इंदौर की बात करें तो यहां पहले 60 रुपये प्रति लीटर मिलने वाला खुला दूध अब 63 रुपये प्रति लीटर की दर से बिक रहा है. इसी तरह अन्य शहरों में भी दूध की कीमतों में दो से चार रुपये प्रति लीटर तक का इजाफा किया गया है. विक्रेताओं का कहना है कि लागत में लगातार हो रही बढ़ोतरी के कारण यह कदम उठाना जरूरी हो गया था.

गर्मियों में हरे चारे की कमी एक बड़ी समस्या

दरअसल, गर्मियों के मौसम में हरे चारे की कमी एक बड़ी समस्या बन जाती है, जिससे पशुओं के आहार पर असर पड़ता है. इसके साथ ही पशु चारे की कीमतों में भी तेजी आई है, जिससे दूध उत्पादन की लागत बढ़ गई है. इतना ही नहीं, गर्म मौसम के कारण मवेशियों की दूध देने की क्षमता भी कम हो जाती है, जिससे आपूर्ति प्रभावित होती है.

इन सभी कारणों के चलते दूध विक्रेताओं को कीमतें बढ़ाने का निर्णय लेना पड़ा है. हालांकि, इस बढ़ोतरी से आम उपभोक्ताओं के घरेलू बजट पर अतिरिक्त दबाव पड़ना तय है, क्योंकि पहले से ही कई जरूरी वस्तुओं की कीमतें ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag