MP में शादी का कार्ड बांटने निकले थे बाप-बटा...तेज रफ्तार ऑडी कार ने मारी टक्कर, 3 लोगों की हुई दर्दनाक मौत

मध्य प्रदेश के रीवा जिले में एक तेज रफ्तार ऑडी कार ने बाइक को टक्कर मार दी. जिससे उस पर सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. ये तीनों लोग शादी का कार्ड बांटने जा रहे थे. तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार ऑडी कर ने सभी को कुचल दिया. इस हादसे में बाप-बेटे और एक रिश्तेदार की जान चली गई.

Utsav Singh
Edited By: Utsav Singh

रीवा : मध्य प्रदेश के रीवा जिले के रायपुर कर्चुलियान क्षेत्र में खुशियों भरा माहौल उस वक्त मातम में बदल गया, जब एक बेलगाम ऑडी कार ने तीन जिंदगियों को खत्म कर दिया. 24 फरवरी को घर में बड़े बेटे की शादी का उत्सव था, जिसकी तैयारियों में परिवार जुटा हुआ था. कोष्टा गांव के समीप हाईवे पर हुए इस भीषण हादसे ने न केवल एक परिवार को उजाड़ा है, बल्कि सड़क सुरक्षा के दावों पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस मामले की सघन जांच कर रही है.

खुशियां बनीं काल का ग्रास

मृतकों की शिनाख्त चचाई गांव के निवासी भागवत विश्वकर्मा, उनके छोटे बेटे राहुल और एक अन्य करीबी रिश्तेदार के रूप में हुई है. भागवत के बड़े बेटे की शादी की तारीख 24 फरवरी तय थी. इसी खुशी को साझा करने और सगे-संबंधियों को न्योता देने के लिए पिता-पुत्र सुबह घर से निकले थे. वे जिउला मोड़ के पास एक रिश्तेदार को कार्ड देकर आगे बढ़ रहे थे, तभी सामने से आ रही काल रूपी ऑडी कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया.

रफ्तार का खौफनाक मंजर

चश्मदीदों के अनुसार, ऑडी कार की रफ्तार इतनी घातक थी कि टक्कर के बाद बाइक के परखच्चे हवा में उड़ गए. जोरदार धमाके के साथ तीनों बाइक सवार सड़क से कई फीट दूर जा गिरे. दुर्घटना स्थल पर चारों ओर खून और बाइक के मलबे बिखरे हुए थे. लग्जरी कार का अगला हिस्सा भी बुरी तरह दब गया था, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि भिड़ंत कितनी भयानक रही होगी. हाईवे पर मौजूद लोग इस खौफनाक मंजर को देखकर सन्न रह गए थे.

मौके पर मची चीख-पुकार

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े. तत्काल पुलिस को फोन किया गया और एंबुलेंस बुलाई गई. रायपुर कर्चुलियान के थाना प्रभारी विजय सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से तीनों घायलों को उठाकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, शरीर पर लगी गंभीर चोटों के कारण उनकी हालत बेहद नाजुक थी. अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद तीनों को आधिकारिक तौर पर मृत घोषित कर दिया, जिससे वहां मौजूद लोग सिहर उठे.

आरोपी चालक पुलिस की गिरफ्त में...

घटना के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ऑडी कार को अपने कब्जे में ले लिया है और उसके चालक को हिरासत में ले लिया गया है. पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला लापरवाही से वाहन चलाने और ओवरस्पीडिंग का नजर आता है. कार चालक से कड़ी पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता चल सके कि क्या वह नशे में था या किसी तकनीकी खराबी के कारण हादसा हुआ. हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि सच सामने आए.

मातम में बदलीं शादी की शहनाइयां

भागवत विश्वकर्मा के घर में जहां कुछ समय पहले तक शहनाइयों की गूंज और मंगल गीतों की रौनक थी, वहां अब सिसकियों और चीख-पुकार का माहौल है. जिस घर में बहू के स्वागत की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब तीन-तीन अर्थियों के कंधों की तैयारी हो रही है. इस दुखद खबर ने पूरे क्षेत्र को शोक संतप्त कर दिया है. लोगों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि रईसजादों की तेज रफ्तार गाड़ियां अक्सर मासूमों की जान लेकर उन्हें गहरे जख्म दे जाती हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag