'आज रात पूरी सभ्यता खत्म हो जाएगी' ट्रंप ने समय सीमा समाप्त होने से पहले ईरान को दी कड़ी चेतावनी

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने अल्टीमेटम के बाद ईरान को एक सख्त चेतावनी दी है. उन्होंने साफ-साफ कहा है कि आज रात एक पूरी सभ्यता का अंत हो सकता है.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अल्टीमेटम के बाद ईरान को एक बार सबसे कड़ी चेतावनी दी है. चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा है कि आज रात एक पूरी सभ्यता का अंत हो सकता है. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए संकेत दिया कि अगर ईरान उनकी मांगें नहीं मानता तो विनाशकारी परिणाम सामने आ सकते हैं.

ट्रंप का सनसनीखेज बयान

ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, “आज रात एक पूरी सभ्यता का अंत हो जाएगा, जिसे फिर कभी वापस नहीं लाया जा सकेगा. मैं ऐसा नहीं चाहता, लेकिन शायद ऐसा ही होगा.” उन्होंने इसे दुनिया के लंबे इतिहास का सबसे महत्वपूर्ण क्षण बताया.

ट्रंप ने आगे कहा कि अब ईरान में सत्ता परिवर्तन हो चुका है और नए लोग ज्यादा समझदार तथा कम कट्टर हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि कुछ क्रांतिकारी और अच्छी घटना हो सकती है. साथ ही उन्होंने ईरान के लोगों पर ईश्वर की कृपा बनी रहने की कामना की.

होर्मुज जलडमरूमध्य पर अल्टीमेटम

ट्रंप ईरान पर लगातार दबाव बना रहे हैं. उन्होंने होर्मुज जलडमरूमध्य को अंतरराष्ट्रीय जहाजरानी के लिए खोलने का अल्टीमेटम दिया है. अगर ईरान समय सीमा तक यह रास्ता नहीं खोलता तो अमेरिका ईरान के ऊर्जा बुनियादी ढांचे, बिजली संयंत्रों और पुलों पर बड़े हमले कर सकता है. 

शुरू में ट्रंप ने 48 घंटे का समय दिया था, लेकिन बाद में इसे कई बार बढ़ाया गया. अब नई समय सीमा मंगलवार रात 8 बजे (पूर्वी समय) तय की गई है. इससे पहले ट्रंप ने कहा था कि पूरा देश एक ही रात में तबाह हो सकता है.

समय सीमा में बार-बार विस्तार

ट्रंप ने समय सीमा को कई बार बढ़ाया है. शुरूआती 48 घंटे के अल्टीमेटम को अब कुल सैकड़ों घंटे तक बढ़ा दिया गया है. कुछ विशेषज्ञों का मानना है कि कड़ी बयानबाजी के साथ-साथ समय बढ़ाना एक कूटनीतिक रणनीति हो सकती है.

होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक तेल व्यापार के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. इसके बंद रहने से दुनिया भर में ऊर्जा संकट की आशंका बढ़ गई है. ट्रंप ने अभी तक यह साफ नहीं किया है कि क्या समय सीमा और बढ़ाई जाएगी या ईरान की अनदेखी पर सैन्य कार्रवाई शुरू हो जाएगी. फिलहाल स्थिति बेहद तनावपूर्ण बनी हुई है और पूरी दुनिया इस घटनाक्रम पर नजर रखे हुए है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag