अमेरिकी-इजरायली हमले में ईरान का टॉप खुफिया अधिकारी माजिद खादेमी ढेर, IRGC में बड़ा झटका
इजरायल और अमेरिका ने सोमवार को ईरान पर भयंकर हमलों की झड़ी लगा दी, जिसमें 25 से ज्यादा लोग मारे गए. इन हमलों में एक सटीक स्ट्राइक में ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के खुफिया प्रमुख मेजर जनरल माजिद खादेमी भी ढेर हो गए.

अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमलों में ईरान को एक और बड़ा झटका लगा है. इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स के खुफिया प्रमुख मेजर जनरल माजिद खादेमी अमेरिकी-इजरायली हमले में शहीद हो गए हैं. ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने अपने आधिकारिक टेलीग्राम चैनल पर इसकी पुष्टि की है. इस हमले में 25 से अधिक लोग मारे गए हैं, जिसमें IRGC का उच्च अधिकारी भी शामिल है.
IRGC के खुफिया प्रमुख की मौत
इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने अपने टेलीग्राम चैनल पर पोस्ट कर बताया, इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स के खुफिया संगठन के शक्तिशाली और शिक्षित प्रमुख मेजर जनरल माजिद खादेमी, अमेरिकी-जायोनी दुश्मन द्वारा आपराधिक आतंकवादी हमले में शहीद हो गए हैं. ईरानी मीडिया ने भी हमलों में मारे गए लोगों में IRGC के खुफिया प्रमुख माजिद खादेमी का नाम शामिल बताया है.
सीजफायर की कोशिशों के बीच हुए हमले
सीजफायर की कोशिशें जारी होने के बावजूद सोमवार को अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर हमलों की एक श्रृंखला को अंजाम दिया. इन हमलों में 25 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई. ईरान की सरकारी मीडिया ने हमलों की पुष्टि करते हुए बताया कि मारे गए लोगों में IRGC के वरिष्ठ खुफिया अधिकारी भी शामिल हैं.
ट्रंप का ईरान को आखिरी अल्टीमेटम
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खोलने के लिए एक बार फिर कड़ा अल्टीमेटम दिया है. ट्रंप ने ईरान को मंगलवार रात 8 बजे तक का समय देते हुए चेतावनी जारी की है. ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल पोस्ट में लिखा, 'ईरान में मंगलवार का दिन 'पावर प्लांट' और 'ब्रिज डे' के रूप में जाना जाएगा, जो अपनी तरह का अनोखा होगा. इस स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को तुरंत खोलो, वरना नरक जैसी स्थिति झेलने के लिए तैयार रहो - बस देखते जाओ! अल्लाह की जय हो.
ट्रंप ने पहले भी कई बार ईरान को होर्मुज स्ट्रेट खोलने की चेतावनी दी है, लेकिन ईरान लगातार यही कह रहा है कि उसके मित्र देशों के लिए यह जलमार्ग पूरी तरह खुला हुआ है.


