ट्रंप-जेलेंस्की की मुलाकात से पहले आया पुतिन का बयान, फिर दी सैन्य कार्रवाई की धमकी

यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के बीच होने वाली बैठक से पहले पुतिन का एक टिप्पणी आई है. रूसी राष्ट्रपति पुतिन सैन्य कार्रवाई के संकेत देते हुए यूक्रेन को चेतावनी दी थी.

Shraddha Mishra

रूस-यूक्रेन के बीच तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है. युद्ध को लेकर दोनों देशों के रुख लगातार सख्त होते जा रहे हैं. वहीं, राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के नए बयान ने हालात को और गंभीर बना दिया है. रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि अगर कूटनीतिक रास्ते से समाधान नहीं निकला, तो रूस अपने सभी सैन्य उद्देश्यों को ताकत के बल पर पूरा करेगा.

रूसी सरकारी समाचार एजेंसी तास के अनुसार, पुतिन ने कहा कि कीव के नेतृत्व ने अब तक शांति की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की है. उनका कहना था कि उन्होंने इस बारे में पहले भी विदेश मंत्रालय में दिए गए एक भाषण में बात की थी. पुतिन की ये टिप्पणी यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच होने वाली नियोजित बैठक से पहले आई हैं.

पुतिन का कड़ा संदेश

शनिवार को दिए बयान में राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि रूस का मानना है कि यूक्रेन शांतिपूर्ण तरीके से इस संघर्ष को खत्म करने में खास दिलचस्पी नहीं दिखा रहा है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बातचीत और कूटनीति असफल रहती है, तो रूस अपने 'विशेष सैन्य अभियान' के तहत तय किए गए सभी लक्ष्यों को सैन्य कार्रवाई के जरिए हासिल करेगा.

हमलों के बीच आया बयान

पुतिन का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव और आसपास के इलाकों पर बड़े पैमाने पर हमले किए हैं. जानकारी के अनुसार, रूस ने रात भर में सैकड़ों ड्रोन और दर्जनों मिसाइलें दागीं. इन हमलों में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं.

जेलेंस्की का पलटवार

यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने इन हमलों के बाद कहा कि रूस की कार्रवाई साफ दिखाती है कि मॉस्को युद्ध खत्म करने के मूड में नहीं है. उन्होंने कहा कि फरवरी 2022 में शुरू हुआ यह युद्ध अब तक हजारों लोगों की जान ले चुका है, और ताजा हमले रूस की मंशा को उजागर करते हैं. जेलेंस्की ने यह भी दोहराया कि यूक्रेन शांति के लिए बातचीत के रास्ते पर चलने को तैयार है, लेकिन रूस की लगातार सैन्य कार्रवाई इस दिशा में बड़ी बाधा बनी हुई है।

ट्रंप-जेलेंस्की की बैठक पर नजर

करीब चार साल से जारी इस युद्ध को खत्म करने के संभावित रास्तों पर चर्चा तेज हो गई है. इसी कड़ी में राष्ट्रपति जेलेंस्की की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात प्रस्तावित है. माना जा रहा है कि इस बैठक में सुरक्षा गारंटी और विवादित क्षेत्रों को लेकर अहम बातचीत हो सकती है. रूस के ताजा हमलों के कुछ ही घंटों बाद जेलेंस्की बातचीत के लिए कनाडा पहुंचे.

कनाडा की प्रतिक्रिया और मदद

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने रूस के हमलों की कड़ी आलोचना करते हुए उन्हें अमानवीय बताया। उन्होंने कहा कि यूक्रेन में स्थायी और न्यायपूर्ण शांति के लिए रूस का सहयोग जरूरी है. इसके साथ ही कनाडा ने यूक्रेन को अरबों डॉलर की नई आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है, ताकि युद्ध के बीच भी देश के पुनर्निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जा सके.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag