क्या 2026 से पहले खत्म हो जाएगा रूस-यूक्रेन युद्ध? आज ट्रंप-जेलेंस्की मुलाकात में बनेगी रणनीति

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप फ्लोरिडा में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से आमने-सामने मिलने वाले हैं. इस हाई-वोल्टेज बैठक का पूरा फोकस करीब चार साल से चल रहे रूस-यूक्रेन युद्ध को आखिरकार खत्म करने पर है.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आज यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से मुलाकात करने जा रहे हैं. फ्लोरिडा में होने वाली इस उच्चस्तरीय बैठक को रूस-यूक्रेन युद्ध के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है. बीते चार सालों से जारी इस संघर्ष को समाप्त करने के उद्देश्य से दोनों नेताओं के बीच 20 पॉइंट पीस प्लान पर बातचीत होगी.

व्हाइट हाउस की ओर से शुक्रवार को इस बैठक की आधिकारिक घोषणा की गई. बयान के मुताबिक रविवार, 28 दिसंबर को फ्लोरिडा के पाम बीच में ट्रंप और जेलेंस्की आमने-सामने होंगे. इस मुलाकात से पहले ट्रंप ने यूक्रेनी राष्ट्रपति के शांति प्रस्ताव पर प्रतिक्रिया देते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी संभावित समझौते में अंतिम फैसला उन्हीं का होगा.

व्हाइट हाउस ने की मीटिंग की पुष्टि

व्हाइट हाउस के अनुसार, ट्रंप और जेलेंस्की के बीच यह मीटिंग  युद्धविराम और शांति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए की जा रही है. अमेरिका इस पूरे मामले में मध्यस्थ की भूमिका निभाने की कोशिश कर रहा है, जिससे रूस-यूक्रेन के बीच जारी टकराव को समाप्त किया जा सके.

ट्रंप ने पीस प्लान को लेकर क्या कहा?

बैठक से पहले ट्रंप ने जेलेंस्की के प्रस्ताव पर खुलकर अपनी राय रखी. ट्रंप ने कहा कि जब तक मैं इसे मंजूरी नहीं देता, तब तक उसके पास कुछ भी नहीं होगा. तो देखते हैं कि जेलेंस्की का प्रस्ताव कैसा है? जेलेंस्की ने शांति स्थापित करने और बातचीत शुरू करने के लिए नया प्लान बनाने का आश्वासन दिया था. इसमें अमेरिका से मिलने वाली सुरक्षा गारंटी का भी जिक्र होगा.

जेलेंस्की का बयान

ट्रंप से मुलाकात से पहले यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने उम्मीद जताई है कि बातचीत सकारात्मक दिशा में जाएगी. जेलेंस्की ने कहा कि दोनों पक्ष अधिक से अधिक मुद्दों को अंतिम रूप देने की कोशिश करेंगे और नए साल से पहले कई अहम फैसले लिए जा सकते हैं.

डोनाल्ड ट्रंप ने इस दौरान रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से भी बातचीत के संकेत दिए हैं. ट्रंप ने कहा कि मुझे लगता है कि जेलेंस्की के साथ मेरी बातचीत अच्छी होगी. मैं पुतिन के साथ भी बेहतर बातचीत की अपेक्षा करता हूं. मैं जल्द ही रूसी राष्ट्रपति पुतिन से बात करना चाहूंगा. हालांकि, रूस की ओर से इस बैठक को लेकर ज्यादा उत्साह नहीं दिखाया गया है, लेकिन अमेरिकी मध्यस्थता से शांति की उम्मीद जताई जा रही है.

नाटो देशों से पहले ही कर चुके हैं जेलेंस्की बातचीत

ट्रंप से मुलाकात से पहले जेलेंस्की ने यह भी साफ किया है कि यूक्रेन शांति समझौते के रास्ते में कोई रुकावट नहीं डाल रहा है. अमेरिका पहुंचने से पहले उन्होंने कनाडा, जर्मनी, फिनलैंड, डेनमार्क, एस्टोनिया सहित कई नाटो देशों के नेताओं से मुलाकात कर समर्थन जुटाने की कोशिश की है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag