ईरान में संकट के बीच रजा पहलवी का बड़ा आह्वान, जनता से सड़कों पर उतरने की अपील
ईरान में हिंसक प्रदर्शनों के बीच हालात तनावपूर्ण हैं. निर्वासित प्रिंस रजा पहलवी ने जनता से बड़े पैमाने पर सड़कों पर उतरने की अपील की है, जबकि ट्रंप के बयान से आंदोलन को नई ऊर्जा मिली है.

ईरान इस समय गंभीर राजनीतिक और सामाजिक संकट से गुजर रहा है. देश के अलग-अलग हिस्सों में लगातार प्रदर्शन हो रहे हैं और हालात दिन-प्रतिदिन ज्यादा तनावपूर्ण होते जा रहे हैं. गुरुवार को सड़कों पर हुए हिंसक टकराव में कई लोगों की मौत की खबरों ने पूरे देश को हिला कर रख दिया. इन घटनाओं के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी ईरान की स्थिति को लेकर चिंता बढ़ गई है.
प्रदर्शनों के बीच सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की आलोचना तेज हो गई है. अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हालात बिगड़ने पर सैन्य कार्रवाई की चेतावनी तक दे दी है. इन बयानों से ईरान का माहौल और ज्यादा गरमा गया है. शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद कई इलाकों में लोगों ने मौजूदा शासन के खिलाफ नारे लगाए और राजशाही की वापसी की मांग उठने लगी.
निर्वासित प्रिंस रजा पहलवी का बड़ा आह्वान
इसी बीच ईरान के अंतिम शाह मोहम्मद रजा पहलवी के बेटे और निर्वासित राजकुमार रजा पहलवी ने ईरानी जनता से खुलकर सड़कों पर उतरने की अपील की है. शुक्रवार को सोशल मीडिया पर जारी संदेश में उन्होंने लोगों से तेहरान समेत देश के प्रमुख शहरों में एकजुट होकर प्रदर्शन करने को कहा.
रजा पहलवी ने कहा कि शासन के दमन को रोकने का सबसे असरदार तरीका है बड़ी संख्या में लोगों की एक साथ मौजूदगी. उन्होंने लोगों से छोटे लेकिन संगठित समूहों में परिवार और दोस्तों के साथ बाहर निकलने की अपील की. साथ ही प्रमुख सड़कों और मार्गों पर शांतिपूर्ण तरीके से आवाज बुलंद करने की बात कही.
एक्स पर किया ट्वीट
आज मैं आपके साथ यह साफ-साफ बताना चाहता हूं कि इस सरकार को गिराने के लिए क्या जरूरी है. मेरी बातें खासकर तेहरान के लोगों के लिए हैं, जिन्होंने अपनी हिम्मत से राष्ट्रीय विद्रोह का नया दौर शुरू किया है. सरकार अब लोगों को पब्लिक जगहों पर इकट्ठा होने से रोकने की पूरी कोशिश कर रही है, क्योंकि उसे पता है कि तेहरान और दूसरे बड़े शहरों की सड़कों पर ईरानी लोग जल्द ही इसे खत्म कर देंगे.
सरकार के जुल्म का सामना करने के लिए हमारे पास एक ही रास्ता है: पूरे शहर में एक साथ लाखों लोगों की मौजूदगी, साथ ही जरूरी रास्तों और मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक जाम करना. इसे हासिल करने के लिए, हमें सबसे पहले अपने डर पर काबू पाना होगा और यह समझना होगा कि अगर हम सड़कों पर उतर आए, तो सरकार जल्द ही लोगों को दबाने की ताकत और हिम्मत दोनों खो देगी.
ट्रंप को कहा धन्यवाद
साथ ही रजा पहलवी ने डोनाल्ड ट्रंप के कड़े बयान और समर्थन के लिए उनका धन्यवाद भी किया. उन्होंने कहा कि ट्रंप की चेतावनी से ईरान की जनता को नई उम्मीद मिली है. पहलवी के अनुसार, पहली बार लोगों को महसूस हो रहा है कि अमेरिका खुलकर उनके साथ खड़ा है.
उन्होंने कहा कि जो लोग 46 साल पुराने शासन को खत्म करने के लिए अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं, वे अमेरिका के साथ पुराने रिश्तों की वापसी चाहते हैं. पहलवी ने दावा किया कि उनके पास ईरान के लिए एक स्थिर बदलाव की योजना है और जनता का समर्थन भी.
तेहरान में फैलता आंदोलन
ईरान की राजधानी तेहरान में सरकार विरोधी प्रदर्शन अब कई इलाकों तक फैल चुके हैं. शुरुआत में सीमित माने जा रहे ये विरोध अब व्यापक रूप ले चुके हैं. हालात को देखते हुए सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है और प्रशासन सतर्क बना हुआ है. लगातार बढ़ते आंदोलन यह संकेत दे रहे हैं कि आने वाले दिनों में ईरान की राजनीति और भी बड़े बदलाव की ओर बढ़ सकती है.


