पहले परमाणु धमकी... अब भारत पर फिर फोड़ा ठीकरा! जाफर एक्सप्रेस विस्फोट पर क्या बोल रहे पाकिस्तान के रेल मंत्री?

सिंध प्रांत के शिकारपुर में जाफर एक्सप्रेस पर हुए धमाके से 5 डिब्बे पटरी से उतर गए और कई यात्री घायल हो गए. हमले के बाद पाक रेल मंत्री हनीफ अब्बासी ने भारत पर ‘विदेशी हाथ’ होने का आरोप लगाते हुए पुराना भारत-विरोधी राग दोहराया.

Simran Sachdeva

Pakistan Jaffar express: पाकिस्तान के सिंध प्रांत में मंगलवार को रेलवे ट्रैक पर हुए धमाके से अफरातफरी मच गई. शिकारपुर जिले में हुए इस विस्फोट के कारण ट्रेन के पांच डिब्बे पटरी से उतर गए, जिससे कई यात्री घायल हो गए. घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों और अर्द्धसैनिक बलों ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है.

धमाके के कुछ ही घंटे बाद पाकिस्तान ने एक बार फिर भारत पर उंगली उठाई है. पाक रेल मंत्री हनीफ अब्बासी ने दावा किया कि इस हमले के पीछे 'विदेशी हाथ' है. यही हनीफ अब्बासी वो मंत्री हैं जिन्होंने कुछ समय पहले सिंधु जल समझौते को लेकर भारत पर परमाणु हमले की धमकी दी थी.

जाफर एक्सप्रेस पर फिर हमला

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रेल मंत्री हनीफ अब्बासी ने बयान जारी करते हुए कहा कि जाफर एक्सप्रेस को निशाना बनाने की साजिशों में भारत की एजेंसियों की संलिप्तता है. हनीफ अब्बासी ने कहा कि इसमें कोई शक नहीं है कि जाफर एक्सप्रेस को बार-बार निशाना बनाने वाले आतंकियों को भारत से मदद मिल रही है.

उन्होंने बताया कि साल 2025 में अब तक जाफर एक्सप्रेस पर सात हमले हो चुके हैं, जिनमें से ज्यादातर क्वेटा और पेशावर के बीच चलने वाले इस रूट पर हुए हैं. इस बार आतंकियों ने सिंध के शिकारपुर इलाके में रेलवे ट्रैक को निशाना बनाया.

पाकिस्तान में जाफर एक्सप्रेस बनी आतंकियों का टारगेट

जाफर एक्सप्रेस पाकिस्तान की प्रमुख ट्रेनों में से एक है, जो क्वेटा और पेशावर के बीच चलती है. पिछले कुछ महीनों में यह ट्रेन कई बार आतंकी निशाने पर रही है. मार्च 2025 में हुए एक भीषण हमले में आतंकियों ने सैकड़ों मुसाफिरों को बंधक बना लिया था, जिसके बाद भी पाकिस्तान ने भारत को जिम्मेदार ठहराया था. अब एक बार फिर, धमाके के तुरंत बाद पाकिस्तानी सरकार की नजरें भारत की ओर ही उठ गई हैं.

रेल मंत्री की दोहराई गीदड़भभकी

रेल मंत्री हनीफ अब्बासी का भारत विरोधी बयान देना नया नहीं है. सिंधु जल समझौते के मुद्दे पर भी उन्होंने भारत को परमाणु हमले की धमकी दी थी. तब हनीफ अब्बासी ने कहा था कि अगर भारत ने पाकिस्तान का पानी रोका तो मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा. हमारी मिसाइलों का रुख भारत की ओर है. हमारे पास परमाणु बम भी है और भारत को इसे भूलना नहीं चाहिए. अब एक बार फिर अब्बासी ने वही पुराना राग अलापते हुए कहा कि ऐसे 'कायराना हमले' पाकिस्तान रेलवे को नहीं रोक पाएंगे और जाफर एक्सप्रेस की सुरक्षा को और मजबूत किया जाएगा.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag