ईशा अंबानी का ग्लोबल जलवा, मेट गाला प्री-पार्टी में दिखी भारतीय शिल्प की शान
ईशा अंबानी ने मेट गाला प्री-पार्टी में भारतीय शिल्प से सजी अनोखी ड्रेस पहनकर वैश्विक मंच पर देश की परंपरा का शानदार प्रदर्शन किया. उनका यह लुक मेट गाला 2026 के लिए बड़े फैशन स्टेटमेंट की ओर इशारा करता है.

न्यूयॉर्क में आयोजित मेट गाला की प्री-पार्टी के दौरान ईशा अंबानी ने अपने खास फैशन अंदाज से सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया. उन्होंने एक ऐसी नव-पारंपरिक ड्रेस पहनी, जिसमें आधुनिक डिजाइन के साथ भारतीय परंपरा की झलक साफ नजर आई. यह लुक न सिर्फ स्टाइलिश था, बल्कि भारत की समृद्ध कारीगरी को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने वाला भी था.
पूरी तरह हस्तनिर्मित थी ड्रेस
ईशा इस खास मौके पर वोग की प्री-पार्टी में मनीष मल्होत्रा और स्वदेश के सहयोग से तैयार किए गए खास परिधान में पहुंचीं. यह ड्रेस पूरी तरह हस्तनिर्मित थी और इसमें भारतीय शिल्प की बारीकियों को बेहद खूबसूरती से उकेरा गया था. स्वदेश, रिलायंस रिटेल की एक पहल है, जिसका उद्देश्य देशभर के कारीगरों और उनकी कला को प्रोत्साहित करना है.
उनकी स्ट्रैपलेस ड्रेस को 26 अलग-अलग पारंपरिक बॉर्डर से तैयार किया गया था, जो भारत के विभिन्न हिस्सों का प्रतिनिधित्व करते हैं. यह परिधान इस साल की “कॉस्ट्यूम आर्ट” थीम के अनुरूप था और इसे भारतीय फैशन की विविधता का जीवंत प्रतीक माना जा सकता है.
ड्रेस में देशभर की कई प्रसिद्ध टेक्सटाइल तकनीकों का समावेश किया गया था. इसमें उत्तर प्रदेश की जरी कारीगरी, पारसी गारा एंब्रॉयडरी, मध्य प्रदेश की माहेश्वरी बुनाई, तमिलनाडु की कांजीवरम सिल्क, महाराष्ट्र की पैठानी, बनारसी ब्रोकेड और पश्चिम बंगाल की कंथा कढ़ाई जैसी पारंपरिक कलाओं का मिश्रण देखने को मिला. इसके अलावा करचोबी, आरी और टिल्ला जैसी बारीक कढ़ाई ने इस परिधान को और भी खास बना दिया. इस ड्रेस को तैयार करने में कारीगरों को 450 घंटे से ज्यादा का समय लगा, जो इसकी बारीकी और मेहनत को दर्शाता है.
ईशा के लुक को किसने तैयार किया?
ईशा के इस लुक को सेलिब्रिटी स्टाइलिस्ट अनाइता श्रॉफ अडाजानिया ने तैयार किया था. उन्होंने इसे आकर्षक ज्वेलरी के साथ कंप्लीट किया, जिसमें आउटहाउस ब्रांड का मेटैलिक ब्रेड एक्सेसरी खास आकर्षण रहा. इसके अलावा उन्होंने स्मोकी आई मेकअप, सजी हुई आइब्रो और बोल्ड लुक के साथ अपने स्टाइल को और निखारा. भारी झुमकों और रिंग कफ ने उनके पूरे लुक में ग्लैमर का तड़का लगाया.
ईशा अंबानी पिछले कुछ वर्षों से मेट गाला में लगातार अपनी उपस्थिति दर्ज कराती रही हैं और हर बार अपने लुक से चर्चा में रहती हैं. पिछले साल उन्होंने अनामिका खन्ना के डिजाइन किए गए गाउन को पहना था, जिसे उन्होंने अपनी मां नीता अंबानी के शानदार आभूषणों के साथ स्टाइल किया था. वहीं 2024 में उन्होंने राहुल मिश्रा का डिजाइन चुना था.
अब मेट गाला 2026 को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है. इस साल 4 मई को न्यूयॉर्क के मेट्रोपॉलिटन म्यूजियम ऑफ आर्ट में यह प्रतिष्ठित आयोजन होने जा रहा है. भारत में दर्शक 5 मई की सुबह करीब 3:30 बजे से वोग के यूट्यूब चैनल पर इसका लाइव प्रसारण देख सकेंगे. ईशा अंबानी के प्री-पार्टी लुक को देखकर यह कहा जा सकता है कि इस बार भी वह रेड कार्पेट पर कुछ खास और यादगार पेश करने वाली हैं, जो भारतीय फैशन को अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दिला सकता है.


