T20 World Cup: नीदरलैंड को हराने में पाकिस्तान की हवा हो गई टाइट, फहीम अशरफ ने बचाई इज्जत

कोलंबो में खेले गए रोमांचक मैच में पाकिस्तान ने नीदरलैंड्स को 3 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में जीत के साथ आगाज किया. लेकिन यह जीत पाकिस्तान के लिए बिल्कुल भी आसान नहीं रही.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के उद्घाटन मुकाबले में एक बड़ा उलटफेर होते-होते टल गया. कोलंबो में खेले गए इस रोमांचक मैच में पाकिस्तान ने नीदरलैंड्स को 3 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में जीत के साथ आगाज किया, लेकिन यह जीत पाकिस्तान के लिए बिल्कुल भी आसान नहीं रही. एक समय मैच पूरी तरह नीदरलैंड्स के पक्ष में जाता दिख रहा था. मगर फहीम अशरफ की विस्फोटक पारी ने खेल का रुख बदल दिया.

टॉस जीतकर पाकिस्तान ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया. नीदरलैंड्स ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 147 रन बनाए और पाकिस्तान के सामने 148 रनों का लक्ष्य रखा. लक्ष्य छोटा जरूर था, लेकिन नीदरलैंड्स की अनुशासित गेंदबाजी ने पाकिस्तान को आखिरी ओवर तक संघर्ष करने पर मजबूर कर दिया.

उतार-चढ़ाव से भरी कहानी पाकिस्तान की बल्लेबाजी

लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने तेज शुरुआत की. ओपनर साहिबजादा फरहान और सैम अयूब ने पावरप्ले में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए रन गति को तेज रखा. हालांकि, तीसरे ओवर में सैम अयूब 24 रन बनाकर आउट हो गए. कप्तान सलमान आगा भी कुछ खास नहीं कर सके और 12 रन बनाकर पवेलियन लौट गए.

इसके बाद फरहान और बाबर आजम के बीच एक स्थिर साझेदारी देखने को मिली. 10 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर 90/2 था और लग रहा था कि टीम आसानी से लक्ष्य हासिल कर लेगी. लेकिन यहीं से मैच में नाटकीय मोड़ आया. नीदरलैंड्स के गेंदबाजों ने लगातार विकेट निकालते हुए पाकिस्तान को बैकफुट पर धकेल दिया. 13 ओवर में स्कोर 103 तक पहुंचते-पहुंचते पाकिस्तान के 5 विकेट गिर चुके थे. बाबर आजम 15 रन बनाकर आउट हुए. वहीं, साहिबजादा फरहान अर्धशतक से चूक गए. उस्मान खान बिना खाता खोले पवेलियन लौटे.

16वें ओवर में मोहम्मद नवाज के आउट होने से दबाव और बढ़ गया. इसके बाद शादाब खान भी ज्यादा देर टिक नहीं सके. 17 ओवर के बाद पाकिस्तान को 3 ओवर में 33 रन चाहिए थे और विकेट लगातार गिरने से स्थिति बेहद नाजुक हो चुकी थी. इस दौरान फहीम अशरफ ने मोर्चा संभाला. 19वें ओवर में उन्होंने 24 रन ठोकते हुए मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया. आखिरी ओवर में सिर्फ 5 रन चाहिए थे, जिसे पाकिस्तान ने आसानी से हासिल कर लिया. फहीम अशरफ ने मात्र 11 गेंदों में 29 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसमें 3 शानदार छक्के शामिल थे.

नीदरलैंड्स की बल्लेबाजी

पहले बल्लेबाजी करते हुए नीदरलैंड्स की शुरुआत संतोषजनक रही. ओपनिंग जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 28 रन जोड़े. चौथे ओवर में मैक्स ओ’डॉउड के आउट होने के बाद माइकल लेविट भी जल्द ही पवेलियन लौट गए. इसके बावजूद डच टीम ने रन गति को बनाए रखा. मध्यक्रम में स्कॉट एडवर्ड्स ने जिम्मेदारी भरी पारी खेली और 37 रन बनाए. 13वें ओवर में चौथा विकेट गिरने तक नीदरलैंड्स का स्कोर 105 रन था.

अंतिम ओवरों में नीदरलैंड्स बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल नहीं हो सकी और टीम 147 रन तक ही पहुंच पाई. पाकिस्तान की ओर से सलमान मिर्जा सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3 विकेट झटके. सैम अयूब, अबरार अहमद और मोहम्मद नवाज को 2-2 विकेट मिले. शाहीन अफरीदी थोड़े महंगे साबित हुए और 2 ओवर में 28 रन देकर 1 विकेट ले सके.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag