T20 World Cup 2026: यूएसए गेंजबाजों के सामने बेबस टीम इंडिया, पावरप्ले में गिरे 4 विकेट
टी20 विश्वकप की शुरूआत हो चुकी है. भारत और यूएसए के बीच होने वाले पहले मुकाबले में यूएसए के कप्तान मोनांक पटेल ने टॉस जीतकर भारत को बैटिंग के लिए आमंत्रित किया है.

स्पोर्ट्सः मुंबई के वानखेड़े में यूएसए और भारत के बीच टी20 विश्वकप का मैच खेला जा रहा है. यूएसए के कप्तान मोनांक पटेल ने टॉस जीतकर टीम इंडिया को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया. पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की शुरूआत खराब रही और दूसरे ओवर में अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले डगआउट वापस लौट गए.
इसके बाद 45 रन के स्कोर पर टीम इंडिया का दूसरा विकेट ईशान किशन के रूप में गिरा. ईशान किशन के आउट होते ही टीम इंडिया की पारी ताश के पत्तों की तरह बिखरने लगी और 46 रन के स्कोर पर शानदार अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे तिलक वर्मा भी आउट होकर पवेलियन लौट गए. छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए शिवम दुबे ने भी निराश किया और पहली गेंद पर आउट होकर चलते बने.
यूएसए की कसी गेंदबाजी
यूएसए की तरफ से शैडली वैन शाल्कविक ने एक ओवर में ही तीन विकेट झटककर टीम इंडिया को घुटनों पर ला दिया. इसके अलावा अली खान ने भी एक विकेट लिया. खबर लिखे जाने तक टीम इंडिया का स्कोर 8 ओवर में 52 रनों पर चार विकेट था. कप्तान सूर्यकुमार यादव और रिंकू सिंह क्रीज पर डटे हुए हैं.
क्या बोले यूएसएक के कप्तान?
यूएसए के कप्तान मोनांक पटेल ने कहा कि हम पहले बॉलिंग करेंगे. पिच अच्छी लग रही है. यह हाई-स्कोरिंग ग्राउंड है, इसलिए हम टारगेट चेज करने की कोशिश करेंगे. वर्ल्ड कप हमारे लिए सबसे बड़े स्टेज में से एक है. हमसे बहुत उम्मीदें हैं, इसलिए हम अच्छा करने की कोशिश करेंगे. हमने डीवाई पाटिल में कुछ वार्म-अप मैच खेले और वहां हमारा प्रदर्शन अच्छा रहा. हमारे पास 6 बैट्समैन, 2 ऑलराउंडर और 3 बॉलर हैं.
सूर्य कुमार यादव ने क्या कहा?
हम पहले बैटिंग करना चाहते थे. यहाँ पिच अच्छी लग रही है. मैंने यहां बहुत क्रिकेट खेला है. यहां हवा भी चल रही है, इसलिए मुझे नहीं लगता कि बाद में ज़्यादा ओस पड़ेगी. बेशक थोड़ा प्रेशर तो होगा ही. हम इस बात से भाग नहीं सकते, लेकिन यह नया टूर्नामेंट है, हम उसी तरह खेलना चाहते हैं जैसे हम पिछले एक-दो सालों से खेल रहे हैं. उसी चीज को जारी रखना चाहते हैं. यह गेम शुरू होने से पहले का माहौल है. उन्होंने कहा कि मुझे यकीन है कि जब हम बैटिंग शुरू करेंगे, तो यह और भी ज़बरदस्त होगा. हमारे पास वॉशिंगटन सुंदर और संजू सैमसन नहीं हैं. बदकिस्मती से जसप्रीत बुमराह ठीक नहीं हैं, इसलिए मोहम्मद सिराज खेल रहे हैं.
प्लेइंग-11
टीम इंडिया प्लेइंग इलेवनः ईशान किशन (विकेट कीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज, वरुण चक्रवर्ती
यूएसए प्लेइंग इलेवनः एंड्रीस गौस (विकेट कीपर), सैतेजा मुक्कमल्ला, मोनंक पटेल (कप्तान), मिलिंद कुमार, संजय कृष्णमूर्ति, शुभम रंजने, हरमीत सिंह, मोहम्मद मोहसिन, शैडली वैन शल्कविक, अली खान, सौरभ नेत्रवलकर


