सीएम बनते ही विजय का बड़ा फैसला, तिरुचिरापल्ली सीट से दिया इस्तीफा

विजय ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के कुछ घंटों बाद तिरुचिरापल्ली पूर्व सीट से इस्तीफा देकर पेरम्बूर सीट अपने पास रखने का फैसला किया.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

तमिलनाडु में मुख्यमंत्री विजय ने तिरुचिरापल्ली पूर्व विधानसभा सीट से इस्तीफा सौंपते हुए पेरम्बूर सीट को अपने पास रखने का निर्णय लिया है. ये फैसला उन्होंने चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह के कुछ घंटों बाद लिया, जहां उन्होंने राज्य के नौवें मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली.

दो सीट से जीते थे विजय 

तमिलागा वेट्री कड़गम (टीवीके) के संस्थापक और अध्यक्ष विजय ने 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में दो सीटों तिरुचिरापल्ली पूर्व और पेरम्बूर से चुनाव लड़ा था. दोनों ही सीटों पर उन्हें शानदार जीत मिली. चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, तिरुचिरापल्ली पूर्व सीट पर विजय ने डीएमके उम्मीदवार एस. इनिगो इरुदयाराज को हराया. विजय को 91,381 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी को 63,965 मत प्राप्त हुए. वहीं पेरम्बूर सीट पर उन्होंने डीएमके के आर.डी. शेखर को बड़े अंतर से हराया. यहां विजय को 1,20,365 वोट मिले, जबकि शेखर 66,650 मतों तक ही सीमित रहे.

मुख्यमंत्री बनने के बाद अपने पहले संबोधन में विजय ने साफ किया कि उनकी सरकार में केवल एक ही सत्ता केंद्र होगा और वही उसका नेतृत्व करेंगे. उन्होंने कहा कि राज्य में अब सामाजिक न्याय और पारदर्शिता पर आधारित शासन का नया अध्याय शुरू हो चुका है. विजय ने अपने भाषण में यह भी दोहराया कि वह किसी राजनीतिक परिवार से नहीं आते, बल्कि आम जनता की तरह ही साधारण पृष्ठभूमि से हैं और खुद को जनता के परिवार का हिस्सा मानते हैं.

तीन नई योजनाओं की घोषणा

अपने पहले संबोधन के दौरान विजय ने तीन नई योजनाओं की भी घोषणा की, जिनमें बिजली व्यवस्था को मजबूत करना, महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देना और राज्य से नशीली दवाओं के नेटवर्क को खत्म करने का अभियान शामिल है. इन योजनाओं को उनकी सरकार की शुरुआती प्राथमिकताओं में रखा गया है.

इधर, तमिलनाडु विधानसभा से जुड़ी एक अन्य अहम प्रक्रिया में टीवीके विधायक करुप्पैया ने कार्यवाहक विधानसभा अध्यक्ष के रूप में शपथ ली. चेन्नई के लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने उन्हें पद की शपथ दिलाई. करुप्पैया हाल ही में एआईएडीएमके छोड़कर टीवीके में शामिल हुए थे और शोलावंदन सीट से चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं. विधानसभा सचिवालय के अनुसार, बाकी विधायकों को सोमवार को शपथ दिलाई जाएगी, जबकि अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव मंगलवार को होगा.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag