तमिलनाडु के युवाओं को मिला नया ‘मामा’, CM विजय ने शपथ के बाद कहा- आप मेरी जान हो

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बनने के बाद थलपति विजय ने अपने पहले संबोधन में युवाओं, महिलाओं और पारदर्शी शासन को लेकर कई बड़े वादे किए. उनके भाषण में भावनाएं, सियासी तंज और नई सरकार का विजन साफ नजर आया.

Shraddha Mishra

चेन्नई: तमिलनाडु की राजनीति में नया अध्याय शुरू हो चुका है. अभिनेता से नेता बने थलपति विजय ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद अपने पहले ही संबोधन में साफ कर दिया कि उनकी सरकार खुद को आम लोगों की सरकार के रूप में पेश करना चाहती है. चेन्नई में आयोजित समारोह के दौरान विजय का अंदाज भावुक भी दिखा और आक्रामक भी. उन्होंने अपने समर्थकों, युवाओं और पार्टी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देते हुए कई बड़े वादे किए, वहीं पिछली सरकार पर जमकर निशाना साधा.

मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय ने सबसे पहले तमिलनाडु की जनता और अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं का आभार जताया. उन्होंने कहा कि जनता के भरोसे और कार्यकर्ताओं की मेहनत की वजह से ही उनकी पार्टी इस मुकाम तक पहुंची है. विजय ने अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि बिना कैडर और पार्टी कार्यकर्ताओं के वह कुछ भी नहीं हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर सक्रिय अपने समर्थकों को भी खास तौर पर धन्यवाद दिया और उन्हें “वर्चुअल वॉरियर्स” बताया. विजय ने कहा कि चुनाव के दौरान पार्टी के हर छोटे-बड़े कार्यकर्ता ने पूरी ताकत के साथ काम किया और उसी का नतीजा है कि आज वह मुख्यमंत्री के रूप में लोगों के सामने खड़े हैं.

युवाओं को बताया अपनी ‘जान’

अपने भाषण में विजय सबसे ज्यादा भावुक तब नजर आए जब उन्होंने युवाओं से बात की. उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि तमिलनाडु का भविष्य उनके हाथों में है और उनकी सरकार युवाओं के सपनों को पूरा करने के लिए काम करेगी. विजय ने अपने खास अंदाज में कहा, “मेरे छोटे ननबा और ननबियों, विजय मामा तुम्हारे लिए सब कुछ अच्छा करेंगे. आप लोग ही मेरी जान हो.” उनके इस बयान पर वहां मौजूद समर्थकों ने जोरदार तालियां बजाईं. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि विजय युवाओं के बीच अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखना चाहते हैं और यही वजह है कि उन्होंने अपने पहले भाषण में युवाओं को केंद्र में रखा.

पिछली सरकार पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री विजय ने अपने संबोधन में पिछली डीएमके सरकार पर भी तीखा हमला बोला. उन्होंने दावा किया कि राज्य की आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो चुकी है और तमिलनाडु पर लगभग 10 लाख करोड़ रुपये का कर्ज है. विजय ने कहा कि पिछली सरकार ने राज्य के खजाने को लगभग खाली कर दिया है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार वित्तीय स्थिति की पूरी जांच करवाएगी और उसके बाद जनता के सामने एक श्वेत पत्र जारी किया जाएगा. उन्होंने कहा, “मैं किसी भी चीज को छिपाऊंगा नहीं. सरकार की हर जानकारी पूरी पारदर्शिता के साथ जनता तक पहुंचाई जाएगी.”

पारदर्शिता वाली सरकार का दावा

अपने भाषण के दौरान विजय ने साफ किया कि उनकी सरकार में पर्दे के पीछे कोई राजनीति नहीं होगी. उन्होंने बिना नाम लिए पूर्व मुख्यमंत्री ई. पलानीस्वामी पर तंज कसते हुए कहा कि अगर उन्हें किसी से मिलना होगा, तो वह चेहरा छिपाकर या गुपचुप तरीके से नहीं मिलेंगे. उन्होंने कहा कि उनकी राजनीति खुली और साफ होगी. विजय ने जोर देकर कहा कि जनता का पैसा सिर्फ जनता के विकास पर खर्च होगा और भ्रष्टाचार को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

शिक्षा, स्वास्थ्य और राशन पर रहेगा फोकस

मुख्यमंत्री विजय ने अपनी सरकार की प्राथमिकताओं का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और राशन व्यवस्था को मजबूत करना उनकी सरकार का मुख्य लक्ष्य होगा. विजय ने कहा कि गरीबों तक सरकारी योजनाओं का फायदा पूरी ईमानदारी से पहुंचाया जाएगा. उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि जनता के टैक्स का एक-एक रुपया सही जगह खर्च किया जाएगा.

महिलाओं की सुरक्षा और नशे के खिलाफ सख्त रुख

अपने संबोधन में विजय ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी बड़ी बातें कहीं. उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाओं को सुरक्षित माहौल देना उनकी जिम्मेदारी होगी. इसके अलावा उन्होंने नशीले पदार्थों के कारोबार पर भी सख्त कार्रवाई का वादा किया. विजय ने कहा कि उनकी सरकार युवाओं को नशे से दूर रखने और अपराध पर नियंत्रण करने के लिए बड़े कदम उठाएगी.

राहुल गांधी को बताया ‘भाई’

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी मंच पर मौजूद थे. विजय ने उन्हें अपना “भाई” कहकर संबोधित किया. उनके इस बयान को राजनीतिक रूप से भी काफी अहम माना जा रहा है. अपने भाषण के अंत में विजय ने कहा कि आलोचना और विरोध लोकतंत्र का हिस्सा है. उन्होंने कहा कि जिन्होंने उनका विरोध किया या आलोचना की, वे भी उनके अपने लोग हैं और वह पूरे तमिलनाडु के विकास के लिए काम करेंगे.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag