पौड़ी में दर्दनाक सड़क हादसा, शादी से लौट रही कार खाई में गिरी, महिला की मौत

उत्तराखंड के पौड़ी जिले में रविवार सुबह देहलचोरी क्षेत्र में शादी समारोह से लौट रहा एक मारुति ईको वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 20 से 25 मीटर गहरी खाई में जा गिरा.

JBT Desk
Edited By: JBT Desk

हरिद्वार: उत्तराखंड के पौड़ी जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों का माहौल मातम में बदल दिया. देहलचोरी क्षेत्र में शादी समारोह से लौट रहा एक मारुति ईको वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 20 से 25 मीटर गहरी खाई में जा गिरा. हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोगों के घायल होने की खबर सामने आई है. क्या है पूरा मामला और कैसे हुआ ये सड़क हादसा चलिए जानते है. 

कब हुआ हादसा 

जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना रविवार सुबह करीब 10:40 बजे बेलकंडी कोस्यात, देहलचोरी के पास हुई. वाहन में कुल पांच लोग सवार थे, जो एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद रुद्रप्रयाग की ओर लौट रहे थे. इस दौरान अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क से नीचे जा गिरा.

अस्पताल में इलाज जारी 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे. वहीं बचाव अभियान चलाकर घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे में 49 वर्षीय अनीता देवी, पत्नी शशि राम भट्ट, निवासी जाखन, अंसल ग्रीन वैली, राजपुर रोड, देहरादून की मौके पर ही मौत हो गई.

वहीं वाहन चालक 24 वर्षीय रोहित थपलियाल पुत्र प्रेमचंद थपलियाल निवासी रतूड़ा, 45 वर्षीय रश्मि देवी पत्नी प्रेमचंद थपलियाल निवासी रतूड़ा, 54 वर्षीय सुधा देवी पत्नी जगदीश प्रसाद निवासी रतूड़ा और ग्राम भेंटा देहलचोरी की एक युवती घायल हो गईं. पुलिस के मुताबिक सभी घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.

इलाके में अफरा-तफरी 

हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों ने भी राहत और बचाव कार्य में पुलिस का सहयोग किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है. प्राथमिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag