धुरंधर 2 ने रचा इतिहास! 1000 करोड़ क्लब में शामिल होने वाली पहली बॉलीवुड फिल्म बनी, बाहुबली 2 पर मंडराया खतरा
आदित्य धर की धुरंधर 2 ने बॉक्स ऑफिस पर कमाल कर दिया. रणबीर सिंह की यह स्पाई थ्रिलर 1000 करोड़ का जादुई आंकड़ा पार कर पहली बॉलीवुड फिल्म बन गई. रिलीज के 18वें दिन भी सिनेमाघरों में दर्शकों का दीवानापन कम नहीं हुआ है.

रनवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया है. आदित्य धर द्वारा निर्देशित इस स्पाई थ्रिलर ने रिलीज के सिर्फ 18वें दिन ही 1000 करोड़ का क्लब पार कर लिया है. यह उपलब्धि हासिल करने वाली ‘धुरंधर 2’ बॉलीवुड की पहली फिल्म बन गई है.19 मार्च को रिलीज हुई इस एक्शन-पैक्ड फिल्म ने हर दिन डबल डिजिट कलेक्शन जारी रखा है. तीसरे हफ्ते में भी सिनेमाघरों में दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ रही है, जो फिल्म की जबरदस्त लोकप्रियता को साबित करता है.
18वें दिन का शानदार कलेक्शन
ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने 18वें दिन 28.75 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन किया. तीसरे हफ्ते में भी ऐसी मजबूत कमाई दर्शकों की पहली पसंद अभी भी ‘धुरंधर 2’ बनी हुई है, यह साफ दर्शाती है. पहले हफ्ते में फिल्म ने 674 करोड़ रुपये और दूसरे हफ्ते में 263.65 करोड़ रुपये की कमाई की थी. इस प्रकार ‘धुरंधर 2’ का कुल कलेक्शन 1013.77 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन अब 1213.74 करोड़ रुपये हो चुका है.
बाहुबली 2 अब अगला टारगेट
‘धुरंधर 2’ का अगला निशाना अब बाहुबली 2 है, जिसने 1030.42 करोड़ रुपये का बिजनेस किया था. इतना ही नहीं, पुष्पा 2 का लाइफटाइम कलेक्शन रिकॉर्ड भी अब खतरे में दिख रहा है, जिसने 1234.10 करोड़ रुपये कमाए थे. रणवीर सिंह स्टारर इस फिल्म ने पहले ही आरआरआर (782.20 करोड़), कल्कि 2898 एडी (646 करोड़) और केजीएफ 2 (859.70 करोड़) जैसी बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है. जवान, पठान, स्त्री 2 और एनिमल जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में भी अब ‘धुरंधर 2’ के आगे फीकी पड़ गई हैं. खास बात यह है कि फिल्म ने पहले हफ्ते में ही वर्ल्डवाइड 1000 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया था.
धुरंधर 2 की स्टारकास्ट
‘धुरंधर 2’ में रणवीर सिंह के साथ आर. माधवन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, सारा अर्जुन और राकेश बेदी जैसे दिग्गज कलाकारों ने अपनी एक्टिंग का कमाल दिखाया है. पहली फिल्म में रणवीर सिंह एक भारतीय जासूस के रूप में पाकिस्तान के ल्यारी इलाके के गैंग्स में घुसते दिखाए गए थे. उनका मिशन भारत के खिलाफ रची जा रही आतंकी साजिशों को नाकाम करना था.
दूसरे पार्ट की कहानी क्या है?
फिल्म का दूसरा भाग असल में एक ओरिजिन स्टोरी है. इसमें दिखाया गया है कि एक साधारण लड़का जसकीरत सिंह रंगी कैसे हमजा अली मजारी जैसे खतरनाक जासूस में बदल जाता है. यह देखना दिलचस्प है कि हमजा अली मजारी ल्यारी के अंडरवर्ल्ड और पाकिस्तान के सियासी गलियारों में अपनी जगह कैसे बनाता है और एक बड़े किंगपिन के रूप में उभरता है, ताकि पाकिस्तान में पनप रहे आतंकी नेटवर्क की जड़ें काट सके. इस मूवी को आदित्य धर ने लिखा और निर्देशित किया है.


