West Bengal Election: मिथुन चक्रवर्ती से हेमा मालिनी तक, BJP के 40 स्टार चेहरे करेंगे बंगाल में प्रचार

पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले बीजेपी ने प्रचार को धार देने के लिए 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है. इस लिस्ट में पीएम मोदी से लेकर फिल्मी सितारों तक कई बड़े नाम शामिल हैं.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी माहौल पूरी तरह गरमा गया है. सभी राजनीतिक दल चुनावी मैदान में अपनी पूरी ताकत झोंकने की तैयारी में जुटे हैं. इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने भी अपने चुनाव प्रचार को मजबूत करने के लिए बड़े चेहरों को मैदान में उतार दिया है.

बीजेपी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है. इस सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर केंद्रीय मंत्री, कई राज्यों के मुख्यमंत्री, सांसद और फिल्म जगत की मशहूर हस्तियां शामिल हैं, जो चुनावी प्रचार में पार्टी की कमान संभालेंगे.

दिग्गज नेताओं को मिली जिम्मेदारी

बीजेपी के स्टार प्रचारकों की सूची में राजनाथ सिंह, अमित शाह, नितिन गडकरी, जेपी नड्डा, धर्मेंद्र प्रधान, शिवराज सिंह चौहान और अश्विनी वैष्णव जैसे वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है. ये सभी नेता राज्य में पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने के लिए जनसभाएं और रैलियां करेंगे.

फिल्मी सितारों की भी एंट्री

इस बार चुनावी मैदान में फिल्म जगत की कई चर्चित हस्तियां भी नजर आएंगी. मिथुन चक्रवर्ती, स्मृति ईरानी, हेमा मालिनी, कंगना रनौत और मनोज तिवारी जैसे नाम स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल हैं. इनके अलावा टेनिस खिलाड़ी लियेंडर पेस भी बीजेपी के समर्थन में प्रचार करते दिखाई देंगे.

कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी करेंगे प्रचार

पार्टी ने चुनावी प्रचार को और धार देने के लिए विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों और प्रमुख नेताओं को भी जिम्मेदारी सौंपी है. हिमंता बिस्वा सरमा, योगी आदित्यनाथ, देवेंद्र फडणवीस, माणिक साहा और भूपेंद्र यादव समेत कई बड़े नेता बंगाल में चुनाव प्रचार करेंगे.

स्थानीय नेताओं को भी मिला स्थान

स्टार प्रचारकों की सूची में पश्चिम बंगाल के कई प्रमुख नेताओं को भी शामिल किया गया है. इनमें सुवेंदु अधिकारी, दिलीप घोष, डॉ. सुकांत मजूमदार, शांतनु ठाकुर और अन्य क्षेत्रीय नेता शामिल हैं, जो जमीनी स्तर पर पार्टी की रणनीति को आगे बढ़ाएंगे.

सभी सीटों पर उतारे उम्मीदवार

बीजेपी ने पश्चिम बंगाल की 292 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है. पार्टी ने अलग-अलग चरणों में उम्मीदवारों की सूची जारी की है, जिससे यह साफ है कि चुनाव को लेकर पार्टी पूरी तरह तैयार है.

दो चरणों में होगा मतदान

राज्य में मतदान दो चरणों में कराया जाएगा. पहले चरण में 23 अप्रैल और दूसरे चरण में 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे. वहीं, 4 मई को चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag