JEE Mains में नकल का नया तरीका, चप्पल में मोबाइल छिपाकर एग्जाम देने पंहुचा छात्र... संदिग्ध चाल ने खोल दी पोल
भिलाई में JEE Mains 2026 परीक्षा के दौरान नकल का एक अनोखा मामला सामने आया, जहां एक छात्र ने चप्पल के अंदर मोबाइल छिपाकर एग्जाम देने की कोशिश की. हालांकि उसकी चालाकी ज्यादा देर नहीं चली और संदिग्ध चाल से उसकी पोल खुल गई.

भिलाई: छत्तीसगढ़ के भिलाई में आयोजित जेईई मेंस 2026 परीक्षा के दौरान नकल का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. एक परीक्षार्थी ने बेहद चालाकी से अपनी चप्पल के अंदर मोबाइल छिपाकर परीक्षा में अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने की कोशिश की, लेकिन उसकी यह योजना ज्यादा देर तक नहीं चल सकी.
सुरक्षा व्यवस्था की सतर्कता के चलते आरोपी छात्र की यह 'हाईटेक' तरकीब पकड़ी गई. घटना के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है.
चप्पल में छिपाया मोबाइल, मेटल डिटेक्टर को दिया चकमा
यह मामला 2 अप्रैल 2026 का है, जब भिलाई-3 थाना क्षेत्र के सिरसा कला स्थित पार्थिवी इंजीनियरिंग एंड मैनेजमेंट कॉलेज में National Testing Agency द्वारा जेईई मेंस परीक्षा आयोजित की जा रही थी.
आरोपी परीक्षार्थी आदित्य सिंह ने चप्पल को काटकर उसके अंदर मोबाइल फोन छिपा रखा था. चतुराई दिखाते हुए उसने एंट्री के समय मेटल डिटेक्टर जांच से पहले ही चप्पल उतार दी, जिससे शुरुआती जांच में मोबाइल का पता नहीं चल सका.
वॉशरूम से लौटते वक्त खुली सच्चाई
परीक्षा के दौरान जब छात्र बायो-ब्रेक के लिए वॉशरूम गया और वापस लौटा, तो उसकी चाल ने ही उसकी पोल खोल दी. वह सामान्य तरीके से चलने के बजाय चप्पल घसीटते हुए और हल्का लंगड़ाकर चलता नजर आया.
संदेह होने पर सुरक्षा कर्मियों ने उसकी चप्पल की जांच की, जिसमें मोबाइल फोन छिपा हुआ मिला. यह देखकर मौके पर मौजूद स्टाफ भी हैरान रह गया.
पुलिस ने किया गिरफ्तार, मोबाइल जब्त
घटना की जानकारी मिलते ही डायल 112 के जरिए पुलिस को बुलाया गया. मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया.
आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम 2008 की धारा 09 के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है.
क्या बोले अधिकारी?
पुलिस ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा, 'सिरसा कला स्थित पार्थिवी इंजीनियरिंग एंड मैनेजमेंट कॉलेज में IIT-JEE Mains परीक्षा का आयोजन किया गया था. इस दौरान छात्र आदित्य सिंह द्वारा अपनी चप्पल में मोबाइल छिपाकर नकल करने का प्रयास किया जा रहा था. जब वह बाथरूम से वापस आ रहा था, तो स्टाफ ने उसे लंगड़ा कर चलते देखा. संदेह के आधार पर चेकिंग करने पर चप्पल से मोबाइल बरामद हुआ. छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.'


