हर महीने 2000 रुपये, 30 हजार नौकरियां और पूर्ण राज्य का दर्जा; राहुल गांधी ने पुडुचेरी में किए कई बड़े ऐलान

राहुल गांधी ने आज पुडुचेरी के लॉस्पेट में जनसभा को संबोधित करते हुए कई बड़े वादें किए हैं, जिसमें सबसे बड़ा वादा पुडुचेरी को पूर्ण राज्य का दर्जा देना है.

Sonee Srivastav

पुडुचेरी: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को पुडुचेरी के लॉस्पेट में जनसभा को संबोधित करते हुए बड़ा वादा किया. उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो पुडुचेरी को पूर्ण राज्य का दर्जा दिया जाएगा. राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि पुडुचेरी की सरकार यहां के लोगों की नहीं, बल्कि दिल्ली से थोपी गई है.

पुडुचेरी पर तीखा हमला

राहुल गांधी ने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश को रिमोट कंट्रोल से चलाया जा रहा है. उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि स्थानीय नेताओं को पूरी तरह नजरअंदाज किया जा रहा है. गांधी ने दावा किया कि पुडुचेरी की जनता अपनी सरकार खुद चुनना चाहती है, लेकिन वर्तमान व्यवस्था में उसकी इच्छा को दबाया जा रहा है.

राहुल ने कई लोकलुभावन वादे किए

जनसभा में राहुल गांधी ने युवाओं, महिलाओं और आम लोगों के लिए कई वादे किए. उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने पर:

  • बेरोजगार युवाओं को हर महीने 2,000 रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी.
  • सार्वजनिक और निजी क्षेत्र में 30,000 नए रोजगार पैदा किए जाएंगे.
  • महिलाओं को बस यात्रा मुफ्त होगी.
  • सरकारी नौकरियों में प्रवेश की आयु सीमा 40 साल तक बढ़ाई जाएगी.
  • हर परिवार को 20 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराया जाएगा.

राहुल गांधी ने यह भी वादा किया कि सत्ता में आने के छह महीने के अंदर स्थानीय निकाय चुनाव कराए जाएंगे.

विकास और भ्रष्टाचार के मुद्दे उठाए

गांधी ने पुडुचेरी की मौजूदा स्थिति पर चिंता जताई. उन्होंने कहा कि यहां के औद्योगिक और कपड़ा क्षेत्र तेजी से बिगड़ रहे हैं. करीब 100 कारखाने बंद हो चुके हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि पुडुचेरी नकली दवाओं का बड़ा केंद्र बन गया है, लेकिन सरकार इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही. 

राहुल गांधी ने भ्रष्टाचार का भी मुद्दा उठाया. उन्होंने दावा किया कि हर ठेके में 30 प्रतिशत कमीशन लिया जाता है. स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट, सड़कें, नालियां और स्कूलों में भी वसूली हो रही है. उन्होंने कहा कि सरकार जनता से ही नहीं, मंदिर की जमीन हड़पकर देवताओं से भी चोरी कर रही है. लोग हर टोल गेट पर पैसे देने को मजबूर हैं.

चुनाव की तारीखें

पुडुचेरी विधानसभा की 30 सीटों पर 9 अप्रैल 2026 को एक चरण में मतदान होगा. वोटों की गिनती 4 मई को की जाएगी. राहुल गांधी की यह रैली चुनाव प्रचार के आखिरी चरण में महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag