वर्ल्ड कप 2026 में इंडिया-पाक मैच पर सुनील शेट्टी ने किया रिएक्ट, कहा- 'मैं चाहता हूं....'
भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले पर खड़े हुए सवालों को लेकर सुनील शेट्टी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. सुनील शेट्टी ने कहा कि वह चाहते हैं कि पाकिस्तान की टीम भारत के खिलाफ मैदान में उतरे. उन्होंने भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मुकाबले को खेल की दुनिया की सबसे बड़ी प्रतिद्वंद्विताओं में से एक बताया.

बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी इन दिनों लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं. कभी पारिवारिक वजहों से तो कभी अपने बेबाक बयानों के कारण वह चर्चा का विषय बन रहे हैं. अब एक बार फिर सुनील शेट्टी चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह है उनका भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच को लेकर दिया गया बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
भारत और पाकिस्तान मुकाबले पर सवाल
दरअसल, आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले पर सवाल खड़े हो गए हैं. खबरों के अनुसार, पाकिस्तान की ओर से भारत के खिलाफ मैच खेलने को लेकर बहिष्कार की बात कही जा रही है. रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले बहुप्रतीक्षित IND vs PAK मुकाबले पर पाकिस्तान सरकार ने रोक लगा दी है. इसी मुद्दे पर मुंबई में एक कार्यक्रम के दौरान सुनील शेट्टी ने अपनी प्रतिक्रिया दी.
सुनील शेट्टी ने क्या कहा?
सुनील शेट्टी ने कहा कि वह चाहते हैं कि पाकिस्तान की टीम श्रीलंका आए और भारत के खिलाफ मैदान में उतरे. उन्होंने भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मुकाबले को खेल की दुनिया की सबसे बड़ी प्रतिद्वंद्विताओं में से एक बताया. सुनील के मुताबिक, यह राइवलरी ठीक वैसी ही है जैसी ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज सीरीज में देखने को मिलती है. उन्होंने संकेत दिया कि ऐसे मुकाबले सिर्फ क्रिकेट नहीं, बल्कि खेल भावना और दर्शकों के जुनून से जुड़े होते हैं. गौरतलब है कि पाकिस्तान सरकार की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर यह जानकारी साझा की गई थी कि पाकिस्तानी टीम भारत के खिलाफ मैच में मैदान पर नहीं उतरेगी. हालांकि इसके पीछे कोई ठोस कारण सार्वजनिक रूप से नहीं बताया गया.
इसी बीच सुनील शेट्टी ने अपने फिल्मी करियर से जुड़ा एक दिलचस्प खुलासा भी किया है. हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि वह निर्देशक आदित्य धर की महत्वाकांक्षी फिल्म ‘द इम्मोर्टल अश्वत्थामा’ का हिस्सा बनने वाले थे. इस फिल्म में विकी कौशल भी मुख्य भूमिका में नजर आने वाले थे. हालांकि, बजट और मार्केट से जुड़ी परिस्थितियों के चलते यह प्रोजेक्ट ठंडे बस्ते में चला गया. सुनील ने यह भी कहा कि जब उन्होंने आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर’ देखी तो उन्हें अफसोस हुआ कि काश वह इस प्रोजेक्ट का हिस्सा होते.


