दुनिया के टॉप 250 हॉस्पिटल्स की नई रैंकिंग में दिल्ली AIIMS ने मचाया धमाल, गर्व से भारत का सिर ऊंचा
ब्रैंड फाइनेंस ने 2026 की ग्लोबल टॉप 250 हॉस्पिटल्स की लिस्ट जारी कर दी है. इस बार AIIMS दिल्ली ने कमाल करते हुए दुनिया का छठा सबसे टॉप हॉस्पिटल बनकर भारत का नाम रोशन किया है. जबकि दूसरे नंबर पर ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल्स ने जगह बनाई.

नई दिल्ली: ब्रांड फाइनेंस की 2026 ग्लोबल टॉप 250 हॉस्पिटल्स रिपोर्ट में भारत के AIIMS नई दिल्ली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दुनिया के सबसे मजबूत अस्पताल ब्रांड्स में छठा स्थान हासिल किया है. यह रिपोर्ट विशेष रूप से उन बड़े अकादमिक मेडिकल सेंटर्स पर आधारित है जो इलाज, रिसर्च और मेडिकल शिक्षा में विश्व स्तर पर अग्रणी हैं. AIIMS का यह स्थान न केवल भारत के हेल्थकेयर सिस्टम की ताकत को दर्शाता है, बल्कि केयर स्कोर में भी यह टॉप रैंक वाले अस्पताल से महज 1.1 अंक के अंतर से पीछे है.
रिपोर्ट में इस साल ब्रांड स्ट्रेंथ इंडेक्स के आधार पर शीर्ष 25 अस्पतालों की सूची जारी की गई है. पहले स्थान पर अमेरिका का जॉन्स हॉपकिन्स मेडिसिन है, जबकि टाटा मेमोरियल सेंटर मुंबई भी टॉप-15 में शामिल होकर भारत का दूसरा प्रतिनिधित्व कर रहा है.
टॉप 10 में AIIMS का शानदार स्थान
ब्रांड फाइनेंस 2026 ग्लोबल टॉप हॉस्पिटल्स रैंकिंग में पहले स्थान पर जॉन्स हॉपकिन्स मेडिसिन (अमेरिका) ने कब्जा जमाया है. दूसरे नंबर पर ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल्स एनएचएस फाउंडेशन ट्रस्ट (यूके) और तीसरे पर स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी मेडिकल सेंटर (अमेरिका) है. चौथे स्थान पर मास जनरल ब्रिगहाम (अमेरिका) और पांचवें पर मायो क्लिनिक हेल्थ सिस्टम (अमेरिका) रहा. छठे पायदान पर AIIMS नई दिल्ली ने मजबूत स्थिति बनाई है.
टाटा मेमोरियल सेंटर भी टॉप-15 में शामिल
भारत का गौरव दोगुना करते हुए मुंबई का टाटा मेमोरियल सेंटर भी इस प्रतिष्ठित सूची में 13वें स्थान पर पहुंचा है. सातवें स्थान पर यूनिवर्सिटी हेल्थ नेटवर्क (कनाडा), आठवें पर क्लीवलैंड क्लिनिक (अमेरिका), नौवें पर कैंब्रिज यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल्स एनएचएस (यूके) और दसवें स्थान पर सिंगापुर जनरल हॉस्पिटल (सिंगापुर) है.
ब्रांड फाइनेंस 2026 टॉप हॉस्पिटल्स लिस्ट क्या है?
ब्रांड फाइनेंस 2026 ग्लोबल टॉप 250 हॉस्पिटल्स रिपोर्ट दुनिया के सबसे मजबूत अस्पताल ब्रांड्स की वार्षिक रैंकिंग है. यह अंतरराष्ट्रीय ब्रांड वैल्यूएशन कंपनी ब्रांड फाइनेंस द्वारा जारी की जाती है, जो मुख्य रूप से उन अकादमिक मेडिकल सेंटर्स (AMCs) पर फोकस करती है जो क्लिनिकल केयर, मेडिकल रिसर्च और शिक्षण-प्रशिक्षण में विश्व स्तर पर उत्कृष्ट हैं. यह रिपोर्ट 2023 से शुरू हुई और 2026 में चौथी बार जारी हुई है. ब्रांड फाइनेंस विभिन्न सेक्टरों में ब्रांड वैल्यू और ब्रांड स्ट्रेंथ की रैंकिंग जारी करता है, और हेल्थकेयर सेक्टर में यह ग्लोबल टॉप 250 हॉस्पिटल्स रिपोर्ट सबसे महत्वपूर्ण मानी जाती है.


